जींद में महिला ने लगाया फांसी का फंदा, बांझ कहकर देते थे ताने
Latest News Jind: जींद जिले के गांव पोकरी खेड़ी में एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। महिला के मायके पक्ष ने उसके पति सहित ससुराल पक्ष पर मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मृतक महिला के पति सहित तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं मृतक महिला के शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव को उसके परिजनों के हवाले कर दिया।
भिवानी जिले के गांव कितलाना निवासी आनंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी छोटी बहन संतोष की शादी वर्ष 2016 में हिंदू रीति-रिवाज से शिवदत्त पुत्र बलबीर निवासी पोकरी खेड़ी, जिला जींद के साथ हुई थी। शादी के बाद उसकी बहन के कोई संतान नहीं हुई थी।
बांझ कहकर मानसिक रूप से प्रताड़ित
आरोप है कि इसी बात को लेकर बहन का पति शिवदत्त, देवर मंजीत और ससुर बलबीर उसे लगातार परेशान करते थे और बांझ कहकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। आनंद के अनुसार उसकी बहन ने कई बार उसे इस बारे में जानकारी दी थी और उसने ससुराल पक्ष को समझाने का प्रयास भी किया, लेकिन उनकी हरकतों में कोई बदलाव नहीं आया।
ससुराल में बहुत परेशान
शिकायत के मुताबिक 22 सितंबर 2026 को संतोष ने फोन कर अपने भाई से कहा कि उसे ससुराल में बहुत परेशान किया जा रहा है और वह उसे वहां से ले जाए। इसके बाद आनंद ने कई बार अपनी बहन के फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन नहीं उठाया गया। इसके बाद वो अपनी मां तिजोदंती, मामा के बेटे सुरेश, विनोद पुत्र रघुनाथ सिंह और विनोद की पत्नी शीला के साथ रात करीब 10:15 बजे पोकरी खेड़ी पहुंचे। वहां पहुंचने पर घर पर कोई नहीं मिला।
संतोष ने फांसी लगा ली
आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर उन्हें बताया गया कि संतोष को उसका पति शिवदत्त, देवर मंजीत और ससुर बलबीर गाड़ी में लेकर जींद चले गए हैं। परिजनों के अनुसार सूचना मिलने पर वे जींद के एक अस्पताल पहुंचे, जहां पता चला कि संतोष ने फांसी लगा ली। बाद में उसे इलाज के लिए हिसार के जिंदल अस्पताल ले गए, जहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पति, देवर और ससुर की प्रताड़ना
मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि पति, देवर और ससुर की प्रताड़ना से परेशान होकर उसकी बहन ने यह कदम उठाया। उसने पुलिस से तीनों आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।











