बराह खुर्द से BSKM College of Nursing में गई छात्रा लापता
Jins News Today: जींद जिले के गांव बराह खुर्द से जींद के BSKM College of Nursing में पढ़ाई करने गई एक नाबालिग छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। छात्रा के परिजनों को उसके लापता होने की जानकारी तब मिली, जब नर्सिंग कॉलेज से उनके पास फोन आया और पूछा गया कि उनकी बेटी आज कॉलेज क्यों नहीं आई। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस को शिकायत दी।
सुबह 9 बजे घर से निकली थी छात्रा
जींद सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बराह खुर्द निवासी व्यक्ति ने बताया कि उसकी नाबालिग बेटी जींद के भिवानी रोड स्थित BSKM College of Nursing में पढ़ाई कर रही है। वह रोजाना की तरह सुबह करीब 9 बजे घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थी।
दोपहर करीब 11 बजे नर्सिंग कॉलेज से मैडम का फोन आया। उन्होंने परिजनों से पूछा कि उनकी बेटी आज कॉलेज क्यों नहीं आई। यह सुनकर परिजन हैरान रह गए, क्योंकि उनकी बेटी सुबह घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थी।
मोबाइल फोन भी मिला बंद
कॉलेज से फोन आने के बाद परिजनों ने छात्रा के मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला। इसके बाद परिजनों ने उसकी आसपास और अन्य संभावित स्थानों पर तलाश की, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिला।
तबीयत खराब होने की कही थी बात
कॉलेज की मैडम ने परिजनों को बताया कि छात्रा ने किसी मोबाइल फोन से Bhai Surender Kumar Memorial College Of Nursing Jind में फोन कर अपनी तबीयत ठीक नहीं होने की बात कही थी। इसके बाद से छात्रा के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई।
पुलिस ने दर्ज किया गुमशुदगी का मामला
परिजनों की शिकायत के आधार पर जींद सदर थाना पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस छात्रा की तलाश में जुटी हुई है और उसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।











