Hisar Jio Pump Swaraj Tractor Theft
हिसार: Jio Petrol Pump Hisar से ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी की घटना सामने आई है। चोरी की यह वारदात पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वहीं, अज्ञात चोर ट्रॉली को तेजा मार्केट की एक सुनसान गली में छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जियो पेट्रोल पंप चोरी हिसार
हिसार सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में गांव ढंढूर निवासी सतपाल ने बताया कि उसके पास स्वराज ट्रैक्टर HR-20AF-0251 और डबल जोड़ी टायरों वाली ट्रॉली है। वह तूड़ी व लकड़ी का काम करता है। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह अपने ट्रैक्टर में हिसार-सिरसा रोड पर स्थित जियो पेट्रोल पंप से तेल डलवाता है और अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली को पंप पर ही खड़ा करता है।
स्वराज ट्रैक्टर चोरी की घटना
शिकायतकर्ता के अनुसार, 16 नवंबर की रात करीब साढ़े 8 बजे उसका बेटा राहुल व मजदूर ओमप्रकाश ट्रैक्टर-ट्रॉली को जियो पेट्रोल पंप पर खड़ा करके आए थे। ट्रॉली में लकड़ी की छानी भरी हुई थी। लेकिन जब सुबह उसका बेटा राहुल व मजदूर ट्रैक्टर लेने के लिए पंप पर पहुंचे, तो वहां से ट्रैक्टर-ट्रॉली गायब मिले। उन्होंने आसपास के इलाके में तलाश की, तो तेजा मार्केट की गली में लकड़ी की छानी सहित ट्रॉली खड़ी मिल गई, लेकिन ट्रैक्टर गायब था।
जब उन्होंने जियो पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की, तो सामने आया कि रात करीब 9 बजकर 22 मिनट पर कोई अज्ञात व्यक्ति उनके ट्रैक्टर-ट्रॉली को चोरी करके ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है। हिसार सदर थाना पुलिस ने सतपाल की शिकायत पर ट्रैक्टर चोरी का मामला दर्ज कर अज्ञात चोर की तलाश शुरू कर दी है।












