हिसार-रोहतक रोड एक्सीडेंट
हांसी सड़क हादसा: हांसी में नेशनल हाईवे पर गांव गढ़ी के पास एक कार ने पीछे से बाइक सवार पिता-पुत्र को टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, बास थाना पुलिस ने घायल युवक की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मंगलवार शाम को हिसार-रोहतक रोड पर गांव गढ़ी के पास यह हादसा हुआ। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में बाइक सवार बच्चा बाल-बाल बच गया, जबकि उसका पिता गंभीर रूप से घायल होकर घटनास्थल पर ही बेहोश हो गया। कार चालक ने इंसानियत दिखाते हुए घायल को उपचार के लिए हांसी के गर्ग अस्पताल में भर्ती करवाया और गढ़ी एक्सीडेंट की सूचना उसके परिजनों को दी।
कार बाइक एक्सीडेंट की सूचना मिलते ही घायल के परिजन गर्ग अस्पताल पहुंचे और बेहतर उपचार के लिए उसे हिसार के जिंदल अस्पताल ले गए। उधर, सूचना मिलने पर सोरखी चौकी पुलिस भी अस्पताल पहुंची और घायल के बयान दर्ज कर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया।
घायल बाइक सवार की पहचान रोहतक जिले के महम चौबीसी स्थित गांव अजायब निवासी 27 वर्षीय प्रदीप पुत्र बिजेन्द्र के रूप में हुई है। प्रदीप ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह बाइक पर अपनी ससुराल हिसार की महाबीर कॉलोनी गया हुआ था। शाम करीब साढ़े चार बजे वह अपने बेटे के साथ बाइक पर गांव लौट रहा था। जब वह शाम करीब साढ़े 6 बजे हिसार-रोहतक रोड स्थित गढ़ी गांव के बस स्टैंड से आगे निकला, तो पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।














1 thought on “हांसी सड़क हादसा: नेशनल हाईवे पर कार ने बाइक को मारी टक्कर, युवक गंभीर”