हांसी चादरपुल एरिया गैस सिलेण्डर ब्लास्ट
Hansi News Today: हांसी-जींद रोड पर मंगलवार की रात खाना बनाते समय गैस सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। जींद रोड पर गैस सिलेंडर फटने से चादर पुल की ढाणी के तीन मकान चंद सेकंड में मलबे में तब्दील हो गए और मलबे के नीचे दबने से दो बच्चों सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए हांसी के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, हांसी-जींद रोड पर स्थित चादर पुल की ढाणी में प्रताप सिंह के परिवार के सभी सदस्य घर पर ही मौजूद थे। मंगलवार की रात को गैस पर खाना बनाया जा रहा था कि अचानक गैस सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट इतना तेज था कि प्रताप सिंह का मकान तो गिरा ही, साथ लगते मकानों को भी काफी नुकसान पहुंचने की खबर सामने आ रही है।
गैस सिलेंडर धमाके की आवाज
हांसी गैस सिलेंडर ब्लास्ट में प्रताप सिंह का पूरा परिवार मकान के मलबे के नीचे दब गया। गैस सिलेंडर धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे प्रताप सिंह के परिवार को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। उन्हें तुरंत उपचार के लिए नागरिक अस्पताल हांसी पहुंचाया गया, जहां से कुछ घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि प्रताप सिंह के मकान में तीन कमरे नीचे थे और एक कमरा ऊपर बना हुआ था। लेकिन गैस सिलेंडर में ब्लास्ट होने से मकान की छत नीचे गिर गई और दीवारें भी टूट गईं। गैस सिलेंडर के फटने से साथ लगते पड़ोसी गोपाल के मकान की दीवार भी गिर गई। वहीं, चांदीराम का कहना है कि उनके मकान का एक कमरा भी गिर गया।
गैस सिलेंडर ब्लास्ट से चादर पुल एरिया में दहशत
चादर पुल एरिया में गैस सिलेंडर ब्लास्ट होने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। तेज धमाके के बाद वहां पर अफरा-तफरी मच गई और घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने बिना किसी देरी के तुरंत अपने स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर प्रताप सिंह के परिवार को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
हांसी गैस सिलेंडर ब्लास्ट में घायलों की पहचान
हांसी के चादर पुल एरिया में हुए गैस सिलेंडर ब्लास्ट में 65 वर्षीय रामप्यारी, प्रताप सिंह का बेटा नवीन, दूसरे बेटे दीपक की पत्नी सुनीता, दीपक की 4 वर्षीय बेटी मीत और 11 वर्षीय बेटा निखिल घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि दीपक ऑटो चलाता है, जबकि नवीन टैक्सी ड्राइवर है।
गैस सिलेंडर ब्लास्ट की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत उपचार उपलब्ध करवाने के लिए एंबुलेंस बुलाकर अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।














