खुशखबरी! हांसी के पेटवाड़ गांव के उप-स्वास्थ्य केंद्र का होगा कायाकल्प, Petwar PHC बनने से इन गांवों की मौज

By sunilkohar

Published On:

खुशखबरी! हांसी के पेटवाड़ गांव के उप-स्वास्थ्य केंद्र का होगा कायाकल्प, Petwar PHC बनने से इन गांवों की मौज

---Advertisement---

हरियाणा सरकार ने दी स्वीकृति, पेटवाड़ सहित आसपास के गांवों के लोगों को मिलेंगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं

भूमि, भवन और अन्य जरूरी दस्तावेज जल्द उपलब्ध करवाने के निर्देश

Hansi News Today: हांसी जिला के ग्रामीण स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए हरियाणा सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने ग्राम पेटवाड़ स्थित उप-स्वास्थ्य केंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (Petwar PHC) के रूप में अपग्रेड करने की सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान कर दी है। इस निर्णय से पेटवाड़ और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार का रास्ता साफ हुआ है। इससे ग्रामीणों को अपने क्षेत्र के नजदीक ही बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।

इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव, हरियाणा सरकार की ओर से आदेश जारी किए गए हैं। इसके साथ ही महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं, हरियाणा, पंचकूला ने सिविल सर्जन, हांसी को परियोजना से जुड़ी आगामी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

डीसी राहुल नरवाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार और प्रशासन का प्रयास है कि आमजन को बेहतर चिकित्सा सेवाओं के लिए अनावश्यक रूप से दूरस्थ शहरों तक न जाना पड़े। पेटवाड़ के उप-स्वास्थ्य केंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित करने की सैद्धांतिक मंजूरी इसी दिशा में एक अहम कदम है। इससे क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर चिकित्सा परामर्श, प्राथमिक उपचार और आवश्यक स्वास्थ्य जांच जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाने की संभावनाएं बढ़ेंगी।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की सुलभता ग्रामीण जीवन की गुणवत्ता से सीधे जुड़ी है। विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और जरूरतमंद परिवारों को नजदीक चिकित्सा सुविधा मिलने से समय पर उपचार प्राप्त करने में सहूलियत होगी। इस प्रकार की पहल ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के साथ-साथ स्वास्थ्य व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में भी सहायक सिद्ध होगी।

पीएचसी की स्थापना के लिए आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश

स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी निर्देशों के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना की आगामी प्रक्रिया के लिए ग्राम पंचायत से भूमि उपलब्ध करवाने संबंधी प्रस्ताव एवं पारित संकल्प, अस्थायी भवन की उपलब्धता का प्रस्ताव, व्यवहार्यता रिपोर्ट, जनसंख्या का विवरण तथा क्षेत्र का भौगोलिक मानचित्र तैयार करवाकर निदेशालय को भेजना होगा। इन सभी दस्तावेजों को जल्द उपलब्ध करवाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने को कहा गया है।

प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए इन औपचारिकताओं को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूरा करवाने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि परियोजना की आगामी कार्यवाही में अनावश्यक विलंब न हो।

पेटवाड़ में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की सैद्धांतिक स्वीकृति क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे भविष्य में स्थानीय स्वास्थ्य सुविधाओं का दायरा बढ़ेगा और आसपास के गांवों की आबादी को भी बेहतर चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।

Leave a Comment