Siswal Bike Tractor Collision
Adampur Road Accident: हिसार जिले के आदमपुर-सीसवाल मार्ग पर बाइक व ट्रैक्टर की भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। आदमपुर पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
Adampur Siswal Road Accident
आदमपुर निवासी सुरेश ने बताया कि वे पांच भाई-बहन हैं, जिनमें से तीन भाई व दो बहनें हैं। उसका भाई कृष्ण प्राइवेट नौकरी करता था। सुरेश ने बताया कि 12 नवंबर की शाम करीब 7 बजे उसके पिता के पास फोन आया कि कृष्ण का सीसवाल में एक्सीडेंट हो गया है और उसे उपचार के लिए सरकारी अस्पताल आदमपुर में भर्ती करवाया गया है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, परिजन तुरंत ही आदमपुर के सरकारी अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने कृष्ण की गंभीर हालत को देखते हुए उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। लेकिन उसके पिता बेहतर उपचार के लिए कृष्ण को हिसार के सूर्योदय अस्पताल ले गए और वहां भर्ती करवा दिया। परंतु उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
शिकायतकर्ता सुरेश के अनुसार, कृष्ण के एक्सीडेंट की सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचा। अपने स्तर पर पूछताछ करने पर सामने आया कि जब उसका भाई कृष्ण बाइक पर सवार होकर आदमपुर आ रहा था, तो सीसवाल की ढाणी लाखपुल निवासी सुनील कुमार पुत्र राजेंद्र का ट्रैक्टर उसकी मोटरसाइकिल के आगे चल रहा था। पता करने पर मालूम हुआ कि सुनील अपने ट्रैक्टर को सड़क पर लापरवाही से चला रहा था और उसने अचानक ब्रेक लगा दिए। इसके कारण कृष्ण की मोटरसाइकिल ट्रैक्टर में जा लगी और वह गंभीर रूप से चोटिल हो गया।
आदमपुर थाना पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर ट्रैक्टर चालक सुनील पुत्र राजेंद्र निवासी ढाणी लाखपुल, सीसवाल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मृतक के शव का हिसार के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया। मृतक तीनों भाइयों में बीच का था और अविवाहित था।












