शुक्रवार को लगेगा विशाल भंडारा और रक्तदान शिवर
नारनौंद। दादा देवराज के जन्मदिन के उपलक्ष्य में वीरवार को नारनौंद मॉडल स्कूल में मटका दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंचीं और पूरे जोश व उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। महिलाओं के बीच जीत को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में नगरपालिका नारनौंद के चेयरमैन शमशेर लोहान उर्फ कूकन ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया और प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। प्रतियोगिता को दो आयु वर्गों में आयोजित किया गया, जिसमें 30 वर्ष से कम और 30 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं ने हिस्सा लिया।
रश्मि और प्रमिला ने मारी बाजी
डॉ. अजय लोहान ने बताया कि 30 वर्ष से कम आयु वर्ग की मटका दौड़ में खरखोदा की रश्मि ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सिंघवा की मनीषा दूसरे और ढाणी कुम्हाराण की खुशी तीसरे स्थान पर रही। वहीं 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में मदीना की प्रमिला ने पहला स्थान हासिल किया। सोनीपत की ममता दूसरे स्थान पर रही, जबकि नारनौंद की नीलम और बीरमती ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में स्कूल स्टाफ सदस्यों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्टाफ की मटका दौड़ में एबीआरसी उर्मिल ने प्रथम और सुशीला ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
विजेताओं को दिए हजारों रुपये के नकद पुरस्कार
सूर्या लोहान ने बताया कि सभी विजेताओं को नगरपालिका चेयरमैन शमशेर लोहान उर्फ कूकन ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली महिलाओं को टोकनी के साथ 21सौ रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली महिलाओं को 21सौ रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली महिलाओं को 11सौ रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया।
इस अवसर पर चेयरमैन शमशेर लोहान उर्फ कूकन ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करते हैं। महिलाएं हर क्षेत्र में आज अग्रणी भूमिका निभाकर कंधे से कंधा मिलाकर चलने का काम कर रही है समय-समय पर महिलाओं के लिए भी ऐसी प्रतियोगिताओं का आयोजन होना चाहिए ताकि उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके।
दादा देवराज के जन्म दिवस पर विशाल भंडारा
मनीष लोहान ने जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार को दादा देवराज के जन्म दिवस पर विशाल भंडारा लगाया जाएगा। जिसमें बड़ी संख्या में प्रदेश भर से श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे और इस अवसर पर रक्तदान शिविर भी लगाया जाएगा।










