जुलाना क्षेत्र के पोली गांव में देर रात शादी में डीजे बंद कराने गई पुलिस टीम पर हमला
Jind DJ Vivad : जींद जिले के जुलाना क्षेत्र के गांव पोली में देर रात शादी समारोह में बज रहा डीजे बंद कराने पहुंची डायल 112 पुलिस टीम पर युवकों ने हमला कर दिया। आरोप है कि युवकों ने पुलिसकर्मियों से मारपीट की, उनकी वर्दी फाड़ी और जान से मारने की धमकी दी। हमले में ईआरवी 371 के इंचार्ज ईएएसआइ बिजेंद्र सिंह, ईएचसी जसबीर सिंह और एसपीओ दलशेर घायल हो गए। पुलिस ने सोमी फौजी, जोगिंद्र और मोहित समेत 5 से 7 अन्य युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
शादी समारोह में रात 10 बजे के बाद भी डीजे बज रहा
ईएएसआइ बिजेंद्र सिंह के अनुसार, 19 नवंबर की रात करीब 10 बजे वह टीम के साथ किलाजफरगढ़ बाईपास पर थे। तभी डायल 112 मुख्यालय पंचकूला से पोली गांव में डीजे बजने की शिकायत मिली। शिकायतकर्ता नीरज ने बताया कि शादी समारोह में रात 10 बजे के बाद भी डीजे बज रहा है, जिससे ग्रामीण परेशान हैं। पुलिस टीम रात करीब 10:05 बजे गांव के स्वास्थ्य केंद्र के पास पहुंची।
सोमी फौजी ने जोगिंद्र और मोहित को हमला करने के लिए उकसाया
शिकायतकर्ता ने बताया कि डीजे बंद कराने के लिए गली में आगे बढ़ने पर 8 से 10 युवकों ने गाड़ी रोक ली। आरोप है कि युवक शराब के नशे में थे और 2-3 युवकों ने गाड़ी की खिड़की से हाथ डालकर पुलिसकर्मी का कालर पकड़ लिया। समझाने पर वे आक्रामक हो गए। सोमी फौजी ने जोगिंद्र और मोहित को हमला करने के लिए उकसाया।
इसके बाद युवकों ने टीम पर हमला किया। एक युवक ने लाठी से जसबीर सिंह के सिर पर वार किया, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़े। ग्रामीण बुजुर्गों ने बीच-बचाव किया और आरोपी फरार हो गए। पुलिसकर्मियों ने अधिकारियों को सूचना दी और सीएचसी जुलाना में मेडिकल कराया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।













