Baliyali SarPanch Tubewell Motor Chori
सरपंच के खेत से ट्यूबवेल का पंखा, मोटर की चोरी
हरियाणा न्यूज टूडे | भिवानी जिले के बवानीखेड़ा क्षेत्र के गांव बलियाली में खेतों की सुरक्षा को लेकर किसानों की चिंता लगातार बढ़ रही है। शुक्रवार रात चोरों ने गांव के सरपंच सचिन सरदाना के खेत में लगे ट्यूबवेल का पंखा चोरी कर लिया। उनके दादा अर्जुन दास सरदाना के खेत से 5 एचपी की मोटर भी चुरा ले गए। चोरी का पता शनिवार सुबह खेत पर पहुंचने के बाद चला।
Baliyali SarPanch सचिन सरदाना के खेत बलियाली सब माइनर से सटे हैं। इसी तरफ उनके दादा अर्जुन दास सरदाना का खेत भी है। सुबह जब वे खेतों में पहुंचे तो ट्यूबवेल से पंखा और मोटर गायब मिले। आसपास तलाश करने पर भी कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद चोरी की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। सबसे बड़ी चिंता यह है कि जिस क्षेत्र में सरपंच और उनके दादा के खेत हैं, वहां पिछले करीब तीन महीनों से खेतों में चोरी की कई वारदातें सामने आ चुकी हैं।
किसानों के खेतों से मोटर, पंखे, अन्य कृषि उपकरण चोरी किए जा रहे हैं। लगातार घटनाओं के बावजूद चोरों का सुराग नहीं लग रहा। इससे किसानों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी बढ़ रही है। किसानों का कहना है कि रात के समय खेतों में सुनसान माहौल का फायदा उठाकर चोर मोटर, ट्यूबवेल का सामान निशाना बना रहे हैं। एक वारदात के बाद दूसरी वारदात हो रही है। इससे किसानों में अपने खेतों पर लगे महंगे कृषि उपकरणों की सुरक्षा को लेकर डर बना हुआ है।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि बलियाली सब माइनर क्षेत्र में रात के समय गश्त बढ़ाई जाए। पिछले तीन महीनों में हुई चोरी की वारदातों को जोड़कर जांच की जाए। किसानों का कहना है कि यदि जल्द चोर गिरोह का पता नहीं लगाया गया तो खेतों में चोरी की वारदातें और बढ़ सकती हैं।













