Pokarwas Accident : नरहड़ पीर दर्शन कर आ रहे थे घर
Bhiwani Accident News: भिवानी में कार-ट्रक की टक्कर होने से कार सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कार सवार सभी एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं और वो नरहड़ पीर के दर्शन कर वापस घर आ रहे थे कि उनकी कार पोकरवास गांव के पास हादसे का शिकार हो गई।
कार और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की सूचना मृतकों व घायलों के परिजनों को दी। बताया जा रहा है कि गांव पोकरवास के पास कार और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर होने से एक्सीडेंट हो गया।
पोकरवास के पास एक्सीडेंट
प्राप्त जानकारी के अनुसार भिवानी जिले के गांव मंढ़ाणा के रहने वाले एक परिवार के सदस्य कार में सवार होकर नरहड़ पीर के दर्शन करने के लिए गए हुए थे। शुक्रवार को नरहड़ पीर से वापस गांव आ रहे थे कि जब उनकी कार पोकरवास के पास पहुंची तो सामने से आ रहे ट्रक के साथ उनकी कार की आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और कार में सवार पांचों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
नरहड़ पीर दर्शन
राहगीरों ने कार में फंसे घायलों को तुरंत बाहर निकाला और हादसे की सूचना पुलिस को दी। कार सवार पांचों लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया तो डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। जबकि तीन का उपचार शुरू कर दिया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक मंढ़ाणा के इस परिवार के साथ उनका भिवानी से एक रिश्तेदार भी नरहड़ पीर दर्शन के लिए गया हुआ था।
कार में सवार थे ये लोग

भिवानी जिले के गांव पोकरवास के पास हुए एक्सीडेंट में क्षतिग्रस्त कार में पांच लोग सवार बताए जा रहे हैं, जिनमें 40 वर्षीय कर्मबीर, 35 वर्षीय अंजली, 58 वर्षीय सुलोचना, 4 वर्षीय अरनव और रश्मि शामिल हैं। पोकरवास हादसे में मरने वालों की पहचान सुलोचना और अरनव के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ-साथ लोहारू डीएसपी संजीव कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और इस हादसे का बारीकी से निरीक्षण किया।
डीएसपी ने कहा कि उन्हें सूचना मिली थी कि पोकरवास के पास कार-ट्रक का एक्सीडेंट हुआ है। इस हादसे में एक महिला और बच्चे की मौत हो गई है। जबकि दो महिलाओं सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस और डॉक्टरों की प्राथमिकता पहले घायलों की जान बचाना है और उसके बाद हादसा किसकी गलती से हुआ है, जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।















