अवैध पिस्तौल जब्ती मामले में मुख्य सप्लायर तेजपाल उर्फ तेजू को गिरफ्तार
Hisar News Abtak: हिसार जिले के नजदीकी गांव सातरोड़ खुर्द की इंद्रा कॉलोनी से अवैध पिस्तौल सहित एक युवक को गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने हथियार सप्लाई करने वाले मुख्य सप्लायर को भी दबोच लिया है। पुलिस पूछताछ के बाद आरोपित को अदालत में पेश करके जेल भेज दिया गया।
मिली जानकारी के मुताबिक, बरवाला सीआईए पुलिस टीम ने गश्त के दौरान सातरोड़ खुर्द की इंद्रा कॉलोनी से अवैध पिस्तौल सहित अंकुश को गिरफ्तार किया था। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ था कि आरोपित अंकुश जींद जिले के गांव सैंथली का रहने वाला है और हाल में वह इंद्रा कॉलोनी सातरोड़ में रहता है। पुलिस पूछताछ में अनेक चौंकाने वाले खुलासे हुए, जिनके आधार पर पुलिस ने इस मामले से जुड़े सप्लायर को पकड़ने के लिए छापेमारी तेज कर दी।
पुलिस पूछताछ में अंकुश ने बताया कि उसने यह 315 बोर की अवैध पिस्तौल अपने दोस्त, भिवानी जिले के गांव रेवाड़ी खेड़ा निवासी तेजपाल से सातरोड़ की एक दुकान के पास से खरीदी थी। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए तेजपाल उर्फ तेजू को भी गिरफ्तार कर लिया है।
इस संबंध में जांच अधिकारी एएसआई सलीम खान ने बताया कि सातरोड़ खुर्द की इंद्रा कॉलोनी से अवैध पिस्तौल बरामदगी के मामले में मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस पूछताछ के बाद उसे अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है। वहीं, पुलिस मामले की गहनता से जांच करने में लगी हुई है।















