Hisar Morning News : Latest News Abtak ; हिसार के ताजा समाचार हिंदी में

By sunilkohar

Published On:

Follow Us
---Advertisement---

Hisar Morning News : फसल से लेकर मकान तक हर नुकसान की भरपाई होगी : कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा


Hisar Morning News :कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न जिलों में भारी बारिश और ड्रेन टूटने से किसानों की फसलों व लोगों की संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार किसानों और आमजन को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आने देगी तथा हर प्रभावित व्यक्ति को शीघ्र राहत पहुंचाई जाएगी।

 


उन्होंने बताया कि किसानों के नुकसान की भरपाई के लिए सरकार ने ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल खोला है। इस पोर्टल पर किसान अपनी खराब हुई फसलों का विवरण अपलोड कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि अब तक जिले के 276 गांवों के 40 हजार 433 किसानों द्वारा लगभग 2 लाख 55 हजार 491 एकड़ भूमि में फसल नुकसान का पंजीकरण किया जा चुका है। सरकार शीघ्र ही इन दावों की जांच पूरी कर किसानों को मुआवजा राशि उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया शुरू करेगी।

Hisar Morning News : Latest News Abtak ; हिसार के ताजा समाचार हिंदी में
भारी बारिश से कालोनी में घुसा पानी।

कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि केवल किसानों ही नहीं, बल्कि जिन लोगों के मकानों या छतों को नुकसान पहुंचा है, उनको भी राहत दी जाएगी। राज्य सरकार का उद्देश्य हर उस परिवार तक सहयोग पहुंचाना है, जो इस आपदा से प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार पूरी मजबूती से जनता के साथ खड़ी है।

 


कैबिनेट मंत्री ने आगे बताया कि प्रदेश के सभी विधायक और समर्थित विधायक एक-एक महीने का वेतन बाढ़ राहत कार्यों के लिए देंगे। यह राशि मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा कराई जाएगी ताकि प्रभावित लोगों की सहायता में इसका उपयोग हो सके। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से भी अपील की है कि वे स्वेच्छा से मुख्यमंत्री राहत कोष में सहयोग दें।


उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाएं भी लगातार मदद कर रही हैं। यह सहयोग सराहनीय है और इससे प्रभावित परिवारों को बड़ी राहत मिल रही है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदा कठिन समय लेकर आती है, लेकिन सरकार, समाज और संगठन मिलकर इस चुनौती से भी उबर लेंगे।

 

गांव तलवंडी राणा तक नए रास्ते के निर्माण को लेकर बैठक


Hisar latest News : महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट की चारदीवारी के पास से गांव तलवंडी राणा तक नए रास्ते के निर्माण को लेकर सोमवार को उपायुक्त अनीश यादव की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी, ग्राम पंचायत तलवंडी राणा के सरपंच तथा ग्रामीण उपस्थित रहे।

गांव तलवंडी राणा तक नए रास्ते के निर्माण को लेकर बैठक
तलवंडी राणा के लिए रास्ते को लेकर विचार-विमर्श करते जिला उपायुक्त अनीश यादव।


बैठक के दौरान सरपंच ने उपायुक्त को अवगत करवाया कि वर्तमान में गांव तलवंडी राणा से एयरपोर्ट की जमीन पर बने वैकल्पिक रास्ते से ग्रामीणों को आवागमन करना पड़ता है। ऐसे में ग्रामीणों की सुविधा और स्थायी समाधान के लिए सरकारी भूमि पर नया रास्ता बनाया जाना आवश्यक है। ग्रामीणों ने उपायुक्त से आग्रह किया कि इस मामले में शीघ्र कार्रवाई की जाए ताकि लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।

 


उपायुक्त अनीश यादव ने सिविल एविएशन और वन विभाग के अधिकारियों को आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी करने और जमीन स्थानांतरण की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एनओसी जारी करने संबंधी कार्यवाही भी समय पर पूरी की जाए, ताकि रास्ते का निर्माण कार्य बिना किसी देरी के शुरू किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन का उद्देश्य ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना है और इस दिशा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

गांव तलवंडी राणा तक नए रास्ते के निर्माण को लेकर बैठक

उपायुक्त ने संबंधित विभागों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन हर संभव सहयोग करेगा ताकि यह सडक़ जल्द से जल्द बनकर तैयार हो सके और ग्रामीणों को स्थायी सुविधा मिल सके। बैठक में हिसार एसडीएम ज्योति मित्तल, सीईओ एचएडीसी जेएस बलहारा, जिला वन अधिकारी रोहताश बिरथल, प्रोटोकॉल ऑफिसर सतपाल आर्या, पीडब्लयूडी एसडीई अरूण कुमार, तलवंडी राणा के सरपंच दयाल सिंह आदि मौजूद रहे।

 

जलभराव से पीड़ित जनता की बिना भेदभाव मदद करें शासन-प्रशासन : दलबीर किरमारा

जलभराव से पीड़ित जनता की बिना भेदभाव मदद करें शासन-प्रशासन : दलबीर किरमारा
आप नेता दलबीर किरमारा।

Hisar Morning News : आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिला अध्यक्ष दलबीर किरमारा ने कहा है कि राज्य के अधिकतर हिस्सों में जलभराव से पैदा हुई स्थिति में सरकार व प्रशासन को बिना किसी भेदभाव पीड़ितों की मदद करनी चाहिए। इसके साथ ही विपक्ष को भी इस आपदा की घड़ी में पीड़ितों के जख्मों पर मरहम लगाना चाहिए।


दलबीर किरमारा ने कहा कि राज्य के अधिकतर हिस्सों में जलभराव की वजह से ग्रामीण क्षेत्रों में न केवल फसलें खराब हो गई है बल्कि मकान भी ध्वस्त या क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इसके अलावा किसानों व अन्य ग्रामीण जनता को पशुधन की हानि भी झेलनी पड़ी है। इसके अलावा शहरी क्षेत्र की बात की जाए तो अनेक स्थानों पर जलभराव या जमीनी पानी उपर आने की वजह से लोग परेशान है। सेक्टरों व अन्य मंजूरीशुदा कॉलोनियों में सरकार व प्रशासन सुविधाएं उपलब्ध करवाने का दावा करते हैं लेकिन कुछ कॉलोनियों को अवैध बताकर उन्हें सुुविधाएं देने व वहां के पीड़ित लोगों की सहायता करने से कन्नी काटी जा रही है जो गलत व मानवीयता के खिलाफ है।

 

 

उन्होंने कहा कि यदि कोई अवैध कॉलोनियां है तो कॉलोनी काटने वाले के खिलाफ कार्रवाई किए बिना वहां रहनेे वालों को परेशान करना या उन्हें सुविधाएं न देेना न्यायोचित नहीं है। उन्होेंने कहा कि चुनाव के समय विभिन्न दलों के नेता वोट मांगने भी इन्हीं कॉलोनियों में जाते हैं, ऐसे वे स्पष्ट करे कि क्या उनके वोट भी अवैध माने जाएंगे। वोट तो सभी के चाहिए लेकिन सुविधाएं कुछ लोगों को दिया जाना पूर्णत: गलत है।

 


दलबीर किरमारा ने कहा कि जिस समय अवैध कॉलोनिया कटती है तो वो वीआईपी लोगों की होती है और सरकार व प्रशासन की छत्रछाया में अधिकारियों की नाक के नीचे कटती है। यदि कॉलोनी अवैध है तो कॉलोनी कटते ही या एक दो प्लॉटों की बिक्री शुरू होते ही उसे अवैध बताकर रोका जा सकता था लेकिन पूरी कॉलोनी बसने के बाद उसे अवैध बताना कहीं न कहीं अधिकारियों व सरकार की मंशा पर सवाल खड़े करता है। ऐसे में फिलहाल आपदा का समय है और इसमें सरकार व प्रशासन को बिना कोई भेदभाव किए पीड़ितों की मदद करनी चाहिए, चाहे वह कहीं भी रहता हो। उन्होंने कहा कि आम आदमी पूरी तरह से पीड़ितों के साथ है, चाहे वह गांव का किसान हो, मजदूर हो या पशुपालक हो या शहर की कॉलोनियों में रहने वाला गरीब जरूरतमंद हो।

 

अतिरिक्त उपायुक्त सी जयाश्रद्धा ने समाधान शिविर में सुनी जन समस्याएं


Hisar Morning News : अतिरिक्त उपायुक्त सी जयाश्रद्धा ने सोमवार को जिला सभागार में आयोजित समाधान शिविर में आमजन की समस्याएं सुनीं। शिविर में परिवार पहचान पत्र, बीपीएल कार्ड, बिजली-पानी, सीवरेज, जल निकासी व अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुई। उन्होंने प्राप्त शिकायतों पर अधिकारियों को पूरी गंभीरता और तत्परता के साथ कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

अतिरिक्त उपायुक्त सी जयाश्रद्धा ने समाधान शिविर में सुनी जन समस्याएं
हिसार समाधान शिविर में शिकायतें सुनते हुए एडीसी।

 


समाधान शिविर में अमरदीप कालोनी में सीवरेज ब्लॉक खुलवाने तथा डोगरान मोहल्ले में बरसात के कारण हुए जलभराव की शिकायत पर अतिरिक्त उपायुक्त ने पब्लिक हेल्थ के अधिकारियों को उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। हाउसिंग बोर्ड कालोनी निवासी ओमप्रकाश की घर के आगे से बिजली का पोल हटवाने की शिकायत पर अतिरिक्त उपायुक्त ने दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधिकारियों को मौका मुआयना कर प्रार्थी के समक्ष आ रही समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।

 

इसी प्रकार उमेद विहार कालोनी निवासी भतेरी देवी ने समाधान शिविर में शिकायत देते हुए बताया कि बरसात के कारण उनके मकान में दरारें आ गई है, मकान की मरम्मत हेतु सहायता राशि दिलवाई जाए।


इसी प्रकार गांव सातरोड कलां के ग्रामीणों ने समाधान शिविर में बरसात से हुए जलभराव के कारण घरों को हुए नुकसान की भरपाई करवाने बारे निवेदन किया, जिस पर अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि सरकार के दिशा निर्देशानुसार सर्वे करवाकर नुकसान का आंकलन किया जाएगा, इसके बाद आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

08 dipro photo 032091754132373215628

इसके अतिरिक्त ग्रामीणों ने अतिरिक्त उपायुक्त को अवगत करवाया कि 3-4 परिवार अब भी जलभराव वाले क्षेत्रों में रह रहे है। इस पर उन्होंने उनके नाम, फोन नंबर इत्यादि जानकारी प्रशासन के साथ साझा करने के निर्देश दिए ताकि उनके रिहायश का अन्य जगह प्रबंध किया जा सके।
समाधान शिविर में हिसार एसडीएम ज्योति मित्तल, नगराधीश हरिराम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

पंजाब बाढ़ पीड़ितों के लिए हिसार से भेजी गई राहत सामग्री

Latest Hisar News : पंजाब में लगातार भारी बरसात और बाढ़ से उत्पन्न हालात ने वहां के अमृतसर, फिरोजपुर सहित कई अन्य जिले से पानी से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। ऐसे समय में हरियाणा ने पड़ोसी राज्य के साथ एकजुटता दिखाते हुए मदद का हाथ बढ़ाया है। इसी कड़ी में सोमवार को हिसार से मेयर प्रवीण पोपली ने भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी हिसार शाखा की ओर से राहत सामग्री से भरे 2 ट्रकों को हरी झंडी दिखाकर चंडीगढ़ के लिए रवाना किया। ये सामग्री भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी हरियाणा राज्य शाखा के माध्यम से सीधे प्रभावित जिलों तक पहुंचाई जाएगी।

 


मेयर प्रवीण पोपली ने इस मौके पर कहा कि पंजाब के लोगों पर आई इस प्राकृतिक आपदा की घड़ी में हिसारवासी उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने बताया कि राहत सामग्री में खाद्यान्न, पैकेज्ड फूड, दवाइयां और दैनिक जरूरत का अन्य सामान शामिल है, जिससे प्रभावित परिवारों को राहत मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पहले ही पंजाब के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा कर चुके हैं। अब प्रदेश के विभिन्न जिलों से निरंतर ट्रकों के माध्यम से सामग्री भेजी जा रही है ताकि वहां की जनता को समय पर मदद मिल सके।


मेयर ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में समाज का हर वर्ग आगे आए, यही इंसानियत का असली परिचय है। उन्होंने आह्वान किया कि लोग भी अपनी क्षमता अनुसार सहयोग कर बाढ़ पीड़ितों की मदद करें। उन्होंने बताया कि राहत सामग्री जुटाने में रेडक्रॉस सोसायटी, समाजसेवियों व शहर के गणमान्य लोगों ने विशेष योगदान दिया है।


इस मौके पर जिलाध्यक्ष तजेन्द्र पाल सिंह, महासचिव हरिकृष्ण खन्ना, कोषाध्यक्ष सतीश रोरा, उप-प्रधान उरेन्द्र सिंह सचदेवा, रेडक्रॉस सचिव रविन्द्र लोहान, अनिल पोपली, राजकुमार पाहवा, सुरेन्द्र ठकराल, भूपेन्द्र मल्हान, रमेश कालड़ा, विपिन जैन, साहिल खन्ना सहित अनेक गणमान्य सदस्य मौजूद रहे।

 

 


पोषण माह को लेकर बैठक 9 सितंबर को
Hisar Morning News : पोषण अभियान के अंतर्गत 12 सितंबर से 11 अक्टूबर तक चलाए जाने वाले पोषण माह की तैयारियों को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त सी जयाश्रद्धा  की अध्यक्षता में 9 सितंबर को 11 बजे अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय में एक बैठक का आयोजन किया जाएगा।
यह जानकारी देते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यक्रम अधिकारी मंजू राणा ने बताया कि बैठक में पोषण अभियान से जुड़े सभी सदस्यगण शामिल होंगे। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं सदस्यों से अपील करते हुए कहा कि वे निर्धारित तिथि व समय पर बैठक में उपस्थित होकर अभियान को सफल बनाने में अपना सहयोग दें। 

 

 

फिजियोथेरेपी की ओर कदम: बीएसएफ परिवार को मिला लाभ”

 

Hisar Morning News : विश्व फिजियोथेरेपी दिवस के अवसर पर महाराजा अग्रसेन कॉलेज ऑफ फिजियोथेरेपी द्वारा सीमा सुरक्षा बल (BSF) परिसर, हिसार में एक दिवसीय फिजियोथेरेपी जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर की अध्यक्षता कमांडेंट आई. के. वाग्ले ने की।

 


शिविर की शुरुआत डॉ. निधि एवं डॉ. ईशिका के व्याख्यान से हुई, जिसमें उन्होंने सही बैठने-उठने की मुद्रा और फिजियोथेरेपी की आवश्यकता पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उपस्थित अधिकारियों एवं उनके परिजनों ने सक्रियता से भाग लेते हुए अपनी शंकाओं का समाधान प्राप्त किया।
व्याख्यान के उपरांत बीएसएफ क्लिनिक में मरीजों की जाँच की गई और उन्हें आवश्यक परामर्श भी दिया गया। इस जागरूकता शिविर से लगभग 150 लोगों ने स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।

 


कार्यक्रम में डीसी प्रदीप कुमार, डीसी मंगल सिंह, प्राचार्य डॉ. पवन अग्रवाल, डॉ निधि अग्रवाल, एसआई राजीव शर्मा सहित कॉलेज के फिजियोथेरेपी इंटर्न, बीएसएफ स्टाफ एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे 


Discover more from Haryana Abtak News- Latest Haryana Update Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Free Haryana News Mobile APP

Download APP Link

Leave a Comment

Contact us: info@haryana-news.in

© 2025 Haryana News. All Rights Reserved.

About Us | Privacy Policy | Contact Us | Disclaimer

Discover more from Haryana Abtak News- Latest Haryana Update Today

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading