Mirchpur Village Woman Missing
Narnaund News: हांसी जिले के नारनौंद उपमंडल के गांव मिर्चपुर से एक महिला संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। महिला की करीब आठ साल पहले शादी हुई थी। उसके मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसकी शिकायत पुलिस को दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने फिलहाल गुमशुदगी का मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
जींद जिले के गांव झांझ खुर्द निवासी ओमपति ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी प्रीति की शादी मिर्चपुर निवासी संजू के साथ बड़ी धूमधाम से की थी। शादी के कुछ दिन बाद ही ससुरालजनों का व्यवहार बदल गया और वे उसे तंग करने लगे। 9 नवंबर को ससुराल मिर्चपुर से फोन आया कि आपकी बेटी अपने मायके जाने के लिए घर से निकली है।
पीड़ित मां ने पुलिस को बताया कि देर शाम तक भी जब उनकी बेटी मायके नहीं पहुंची, तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। दो दिन बीत जाने के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं लगा, तो उन्होंने इसकी लिखित शिकायत नारनौंद पुलिस थाने में दी।
नारनौंद पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रीति की गुमशुदगी का मामला दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस उसके ससुराल में हुए व्यवहार और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।















