Hansi News: हांसी जिले के नारनौंद क्षेत्र के गांव पेटवाड़ स्थित सिवानी फीडर नहर में बडाला रोड पर बुधवार सुबह करीब 11 बजे एक व्यक्ति का शव मिला। ग्रामीणों ने नहर में शव एक पाइप के पास फंसा हुआ देखा तो डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और नारनौंद थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नहर से बाहर निकलवाया लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने शव की पहचान करवाने के लिए उसे हांसी के नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। मृतक की उम्र करीब 50 से 55 वर्ष बताई जा रही है। उसके शरीर पर किसी गंभीर चोट के निशान नहीं मिले हैं। प्रारंभिक तौर पर पानी में डूबने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस के अनुसार मृतक ने नीले रंग की कमीज, सफेद बनियान, मेहंदी रंग का लोअर और क्रीम रंग का अंडरवियर पहना हुआ है। उसका कद करीब 5 फुट 6 इंच है। पुलिस ने मृतक की पहचान के लिए आसपास के थानों में सूचना भेजी है और हुलिए के आधार पर पहचान करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं। नारनौंद थाना के एएसआई प्रवीण कुमार मामले की जांच कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पेटवाड़ गांव के चौकीदार बब्बर सिंह की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पहचान होने के बाद नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
















