Haryana/ Rewari News/ Bawal News/ Pratibha Samman ceremony organized at PM Shri School Bawal
विधायक डा. कृष्ण कुमार ने पीएम श्री रावमा स्कूल बावल के प्रतिभावान विद्यार्थियों को किया सम्मानित
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बावल(रेवाड़ी), 20 अगस्त।
पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बावल-2516 ( PM Shri School ) में गुरुवार को विद्यालय विकास एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बावल के विधायक डा. कृष्ण कुमार रहे। समारोह का उद्देश्य पिछले एक दशक में विद्यालय के विकास में सहयोग देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त करना और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करना रहा।
कार्यक्रम में पिछले एक दशक में शिक्षा, खेलकूद, सांस्कृतिक एवं अन्य गतिविधियों में विद्यालय का नाम रोशन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में विशेष रूप से पद्मश्री डॉ. एस.एस. यादव, पूर्व निदेशक पीजीआईएमएस रोहतक, एसडीएम बावल संजीव कुमार, मार्केट कमेटी बावल के उपाध्यक्ष अर्जुन चौहान, मंडल अध्यक्ष रमेश लोर, झाबुआ उपस्थित रहे। विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं शिक्षाविदों ने भी समारोह में भाग लिया।
विधायक डॉ. कृष्ण कुमार ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम केवल पुरस्कार वितरण का अवसर नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों की प्रतिभा, मेहनत और उपलब्धियों को पहचान देने तथा विद्यालय के विकास के लिए सामूहिक संकल्प लेने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता केवल अच्छे अंक प्राप्त करने से नहीं मिलती है। सफलता के लिए अनुशासन, मेहनत, ईमानदारी, सकारात्मक सोच और निरंतर सीखने की भावना आवश्यक है। विद्यार्थी लक्ष्य निर्धारित करते हुए समय का सदुपयोग करें और असफलताओं से कभी निराश न हों। असफलता अंत नहीं होती है, बल्कि सफलता की ओर बढऩे का एक महत्वपूर्ण पड़ाव होती है।
विधायक ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा देने के केंद्र नहीं हैं, बल्कि वे राष्ट्र के भविष्य का निर्माण करते हैं। एक मजबूत विद्यालय ही मजबूत समाज और मजबूत राष्ट्र की नींव रखता है। इसलिए विद्यालय का विकास केवल सरकार या शिक्षकों की जिम्मेदारी नहीं है; इसमें विद्यार्थियों, अभिभावकों, पूर्व विद्यार्थियों और समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक है। पीएम श्री योजना का उद्देश्य विद्यालयों को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए उत्कृष्ट बनाना है। यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि बच्चे केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहें, बल्कि उनमें वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता, नैतिक मूल्य और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी विकसित हो।
उन्होंने शिक्षकों का अभिनंदन करते हुए कहा कि शिक्षक केवल पाठ नहीं पढ़ाते, वे बच्चों के व्यक्तित्व और भविष्य को आकार देते हैं। उन्होंने पीएम श्री विद्यालय बावल की सराहना करते हुए कहा कि इस विद्यालय ने शिक्षा और विकास के क्षेत्र में एक आदर्श स्थापित किया है। विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार ने सभी अतिथियों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। विद्यार्थियों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। समारोह के सफल आयोजन में विद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।















