---Advertisement---

Government College Mangali : कॉलेज में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के नव प्रवेशित विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित

By हरियाणा न्यूज टूडे

Published On:

Follow Us
Government College Mangali : कॉलेज में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के नव प्रवेशित विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित
---Advertisement---

महाविद्यालय में प्रवेश अपने व्यक्तित्व, प्रतिभा व कौशल को निखारने का महत्वपूर्ण अवसर : डॉ. अंजू चौधरी

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

हिसार। राजकीय महाविद्यालय, मंगाली ( Government College Mangali)  में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के नव प्रवेशित विद्यार्थियों के लिए विशेष अभिविन्यास कार्यक्रम (ओरिएंटेशन कार्यक्रम) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नए विद्यार्थियों का महाविद्यालय परिवार में स्वागत करते हुए उन्हें कॉलेज की शैक्षणिक व्यवस्था, सुविधाओं, नियमों, गतिविधियों और भविष्य के अवसरों से विस्तारपूर्वक रूबरू करवाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक वातावरण से सहजता से जोड़ना और उनके महाविद्यालयी जीवन की मजबूत एवं सकारात्मक शुरुआत कराना रहा।

 

 

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अंजू चौधरी के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने नव प्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय में प्रवेश केवल उच्च शिक्षा प्राप्त करने की शुरुआत नहीं, बल्कि अपने व्यक्तित्व, प्रतिभा और कौशल को निखारने का भी महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, नियमित उपस्थिति, समय-प्रबंधन और अध्ययन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी महाविद्यालय में उपलब्ध प्रत्येक अवसर का सदुपयोग कर अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ें।

 

अभिविन्यास कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, समय-सारणी, परीक्षा प्रणाली, आंतरिक मूल्यांकन, पुस्तकालय, स्मार्ट कक्षाओं और प्रयोगशालाओं सहित विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि पढ़ाई के साथ-साथ महाविद्यालय में आयोजित होने वाली सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं खेलकूद गतिविधियां उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), महिला प्रकोष्ठ, यूथ रेड क्रॉस, आईक्यूएसी सहित विभिन्न गतिविधियों और मंचों से भी परिचित कराया गया। उन्हें इन गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया, ताकि वे शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारी, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना जैसे गुण भी विकसित कर सकें।

 

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को रैगिंग निषेध, साइबर सुरक्षा, लैंगिक संवेदनशीलता, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश भी दिए गए। उन्हें महाविद्यालय परिसर में अनुशासन एवं सौहार्द बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर संबंधित प्राध्यापक अथवा महाविद्यालय प्रशासन से संपर्क करने के लिए कहा गया।

 

मीडिया प्रभारी डॉ. कमलप्रीत कौर ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के प्राध्यापकों ने अपने-अपने विषय एवं विभाग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां विद्यार्थियों के साथ साझा कीं। विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के साथ व्यक्तित्व विकास, कौशल विकास और रोजगारपरक गतिविधियों में भाग लेने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया। उन्होंने बताया कि अभिविन्यास कार्यक्रम नव प्रवेशित विद्यार्थियों के लिए न केवल जानकारीपूर्ण बल्कि प्रेरणादायक भी रहा। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय की कार्यप्रणाली और उपलब्ध अवसरों से परिचित कराने के साथ उनके शैक्षणिक जीवन की नई पारी के लिए आत्मविश्वास भी प्रदान किया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Contact us: info@haryana-news.in

© 2025 Haryana News. All Rights Reserved.

About Us | Privacy Policy | Contact Us | Disclaimer