---Advertisement---

वैभव कार वॉश सेंटर संचालक हरदीप लोहान की हत्या का मामला सुलझा, दो काबू, पूछताछ में खुलासा

Follow Us
---Advertisement---

Vaibhav Car Wash Center operator Hardeep Lohan murdered

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

Haryana News Today: हिसार के बालसमंद रोड़ स्थित चंदन नगर में वैभव व्हील एलाइनमेंट एंड कार वॉश सेंटर के संचालक हरदीप लोहान की 2 नकाबपोश युवकों ने सीने में गोली मारकर हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

हत्या की वारदात सोमवार देर रात करीब 10 बजे के बाद की है जो सीसीटीवी में कैद हुई है। इसके आधार पर पुलिस ने चंद घंटों में मर्डर की गुत्थी को सुलझाते हुए 2 आरोपियों को काबू किया है। फोरेंसिक व फिंगर प्रिंट्स टीम ने जांच करके खून से सना कस्सी का टूटा डंडा व कस्सी का टूटा ब्लेड भी बरामद किया है। हालांकि फुटेज में वारदात करके भागते समय एक आरोपी के हाथ में पिस्तौल नजर आ रही है। आजाद नगर थाना, एसएचओ मंदीप कुमार ने बताया कि पुलिस ने मृतक के पिता वीरेंद्र लोहान के बयान पर हत्या का केस दर्ज किया है। मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनसे पूछताछ जारी है।

बेटा रात 9 बजे तक घर नहीं लौटा तो तलाश में निकले थे बुजुर्ग माता-पिता

चंदन नगर वासी 73 वर्षीय वीरेंद्र लोहान ने बताया कि बेटा हरदीप लोहान दो बच्चों का पिता था। करीब 2 साल से किराये पर दुकान लेकर एलाइनमेंट व कार वॉश सेंटर चला रहा था। वह रोज रात 9 बजे तक घर आ जाता था। 17 अगस्त को जब वह नहीं लौटा तो उसके मोबाइल नंबर पर कई बार कॉल की मगर संपर्क नहीं हुआ। रात करीब 12 बजे जब अपनी पत्नी कलावती के साथ पैदल दुकान पर पहुंचा तो कमरे के फर्श पर खून बिखरा था। बाहर हरदीप खून से लथपथ पड़ा था। पिता ने पूर्व पार्टनर से हिस्सेदारी खत्म करने व एक सहकर्मी को ब्याज पर पैसे नहीं देने को लेकर कहासुनी की रंजिश में हत्या करने का शक जताया था।

पंक्चर लगाने पर 20 दिन पहले हुई थी कहासुनी

पुलिस ने परिजनों के शक के आधार पर प्रारंभिक जांच करते हुए पूर्व पार्टनर व सहकर्मी को काबू किया लेकिन वारदात में उनकी संलिप्तता के साक्ष्य नहीं मिले। इसके बाद 2 और युवकों को काबू किया, जिनका करीब 20 दिन पहले सेंटर संचालक से विवाद हुआ था। दोनों पानी के कैंपर की गाड़ी के पहिये का पंक्चर लगवाने आए थे। तब हरदीप से अपशब्द बोलने को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी रंजिश में योजना बनाकर हत्या कर दी। अभी सीआईए पूछताछ कर रही है।

सीसीटीवी : पीछे के रास्ते से घुसे, फिर कमरे का गेट खोल गोली मारकर भागे

कार वॉश सेंटर के कैमरों की फुटेज के अनुसार पीछे के रास्ते मुंह को कपड़े से ढके 2 युवक सेंटर में घुसते हैं। एक के हाथ में डंडा दिख रहा है। फिर चुपके से उस कमरे के बाहर खड़े हो जाते हैं जिसके अंदर हरदीप लोहान बैठा था। उसके द्वारा बियर की बोतल खत्म करने का इंतजार करते हैं। फिर दरवाजा खोलकर अंदर घुसकर सीने में गोली मारकर पीछे के रास्ते भाग जाते हैं। उनके पीछे-पीछे हरदीप लोहान कमरे से बाहर निकलता है और वहीं गिर जाता है। देर रात माता-पिता सेंटर पर आते हैं, तब उन्हें बेटे संग वारदात का पता चलता है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Contact us: info@haryana-news.in

© 2025 Haryana News. All Rights Reserved.

About Us | Privacy Policy | Contact Us | Disclaimer