Today Latest News Rewari Haryana, sushasan Divas Rewari
– विधायक बावल डा. कृष्ण कुमार ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को गुड गवर्नेंस अवार्ड-2025 से नवाजा
Latest News Rewari : पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी और महान स्वतंत्रता सेनानी महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की जयंती के उपलक्ष्य में गुरुवार को मॉडल टाउन स्थित बाल भवन सभागार में जिला स्तरीय सुशासन दिवस समारोह गरिमामयी ढंग से मनाया गया।

जिला स्तरीय समारोह में बावल के विधायक डा. कृष्ण कुमार ने बतौर मुख्यातिथि उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को अटल बिहारी वाजपेयी गुड गवर्नेंस अवार्ड-2025 से सम्मानित किया गया। समारोह में पहुंचने पर डीसी अभिषेक मीणा ने जिला प्रशासन की ओर से मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इस अवसर पर पंचकूला में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह का वचुर्अल माध्यम से लाइव प्रसारण दिखाया गया जिसमें मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने सुशासन दिवस के उद्देश्य व सरकार की जनहितकारी योजनाओं के बारे में जानकारी साझा की।
रेवाड़ी जिला स्तरीय सुशासन दिवस समारोह में मुख्य अतिथि बावल के विधायक डा. कृष्ण कुमार ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी और महान स्वतंत्रता सेनानी पं. मदन मोहन मालवीय की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के विचार सुशासन की नींव हैं, जो हमें सदैव प्रेरित करते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी का मानना था कि शासन को साधन नहीं जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारी मानते हुए अपने दायित्व का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने ईमानदारी, पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जवाबदेही को शासन और प्रशासन की सबसे अहम कड़ी माना है। हमें उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए पूरी ईमानदारी के साथ बिना भेदभाव के पारदर्शिता से सभी के प्रति समान भावना रखते हुए जवाबदेही से अपने कर्तव्य का निर्वहन करना चाहिए।
विधायक ने बताया कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार अंत्योदय की भावना और विकसित भारत 2047 विजन के साथ जनकल्याणकारी नीतियां लागू कर राष्टï्र को पूरी तरह से मजबूत और सशक्त बनाने के दृष्टिगत कार्य कर रही है। इसी तरह मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी बिना भेदभाव के पूरे हरियाणा में विकास कार्य करवा रहे हैं।
हरियाणा सरकार ई-गवर्नेंस के माध्यम से सरकारी कार्यों में सरलीकरण व पारदर्शिता को लगातार बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन से सुशासन का मार्ग प्रशस्त किया है। पारदर्शिता के साथ सरकार के द्वारा किए जा रहे कार्यों का लाभ जनता को बिना किसी बाधा के सुगम तरीके से मिल रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह भी रेवाड़ी सहित पूरे लोकसभा क्षेत्र में जनहित में तेजी से विकास कार्य करवा रहे हैं।
प्रशासनिक व्यवस्था हो रही है सुदृढ़ : डीसी
डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन में बेहतर ढंग से सुशासन की दिशा में कदम बढ़ाते हुए प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है। सरकार व प्रशासन की योजनाओं को आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंचाने में अधिकारी व कर्मचारीगण का उल्लेखनीय रोल होता है, ऐसे में पारदर्शिता के साथ कुशल सुशासन प्रदान करने में जनसेवा की भावना के साथ जिला प्रशासन रेवाड़ी अपना अतुलनीय योगदान दे रहा है।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी- कर्मचारियों को किया सम्मानित
जिला स्तरीय सुशासन दिवस समारोह में बावल के विधायक डा. कृष्ण कुमार ने बेहतर मीडिया प्रबंधन और बेस्ट पीआर एफर्ट्स सहित अन्य उत्कृष्ट कार्य करने में निभाई जा रही जिम्मेवारी के लिए जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी दिनेश कुमार को गुड गवर्नेंस अवार्ड-2025 से अलंकृत किया गया वहीं पंचायत विभाग में सराहनीय कार्य करने के लिए बीडीपीओ बावल शुभम सहित राजस्व विभाग से पटवारी विक्रम व डब्ल्यू.बी.एन. कुलदीप सिंह को भी सम्मानित किया गया। समारोह में डीआईपीआरओ दिनेश कुमार व बावल बीडीपीओ शुभम की कुशल कार्यशैली को प्रदर्शित पावर प्रेजेंटेशन के माध्यम से दिखाया गया। समारोह में सूत्रधार की भूमिका में प्रवक्ता सुधीर यादव द्वारा अटल जी के गौरवशाली जीवन वृतांत को लोक शैली में सुनाया गया।
यह रहे मौजूद :
जिला स्तरीय सुशासन दिवस समारोह के दौरान डीएमसी ब्रह्म प्रकाश, एसडीएम रेवाड़ी सुरेश कुमार, सीटीएम जितेंद्र कुमार, डीएसपी सुरेंद्र श्योराण, डीडीपीओ एचपी बसंल, सीएमओ डा. नरेंद्र दहिया, डीसीडब्ल्यूओ वीरेंद्र यादव, डीएफएससी डा.अशोक रावत, भाजपा जिला महामंत्री कुलदीप चौहान व उपाध्यक्ष प्रवीण शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।