Woman accused arrested in Vikram Baniani murder case in kalanaur News
kalanaur News : कलानौर थाना पुलिस ने गांव बनियानी निवासी विक्रम की हत्या के मामले में शामिल एक महिला आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान नगीना निवासी बनियानी के रूप में हुई है।
थाना प्रभारी कलानौर निरीक्षक सतपाल सिंह ने बताया कि 5 मार्च को साहिल निवासी बनियानी की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि 4 मार्च को साहिल अपने दोस्त सतीश के साथ मोटरसाइकिल पर होली खेलकर पटवापुर की तरफ से वापस आ रहे थे। रास्ते में भगवान दास कंपनी के पास निशांत ने अपनी मोटरसाइकिल खड़ी कर रखी थी। साहिल की ओर से मोटरसाइकिल
हटाने के लिए कहने पर निशांत, उसके परिवार और अन्य युवकों ने गाली-गलौज करते हुए साहिल के साथ मारपीट शुरू कर दी। साहिल को छुड़वाने के लिए गांव के विक्रम और बंटी मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपितों ने उनके साथ भी लाठी-डंडों से हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। गंभीर रूप से घायल तीनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इलाज के दौरान 6 मार्च को विक्रम बनियानी की मौत हो गई थी। जांच के दौरान मामले में हत्या की धारा भी जोड़ दी गई। पुलिस ने बताया कि इस मामले में शामिल छह आरोपितों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि महिला आरोपित नगीना को 9 मार्च को गिरफ्तार किया गया।