Women and youth conference Hisar Barwala News
“आत्मनिर्भर भारत” के लिए स्वदेशी अपनाएं: कैबिनेट मंत्री
Barwala News : हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने शनिवार को बरवाला के किसान रेस्ट हाउस में आयोजित महिला एवं युवा सम्मेलन ( Women and youth conference ) को संबोधित करते हुए देशवासियों से ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान को सफल बनाने के लिए स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का पुरजोर आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों का उपयोग करके भारतीय उद्यमियों और कारीगरों का समर्थन करना एक मजबूत और आत्मनिर्भर राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान होगा।
कैबिनेट मंत्री ने ‘भारत रत्न’ बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री ने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ की अवधारणा के महत्व पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि देश में इस प्रकार की व्यवस्था लागू होने से राष्ट्रीय संसाधनों की भारी बचत होगी और बार-बार होने वाले चुनावों के कारण होने वाली फिजूलखर्ची पर अंकुश लगेगा। यह निर्णय प्रशासनिक दक्षता को भी बढ़ाएगा और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगा।

कैबिनेट मंत्री ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। आज वैश्विक स्तर पर भारत की छवि एक मजबूत राष्ट्र के रूप में उभरी है और सीमा पर दुश्मनों को करारा जवाब दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, जिसके लिए विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाएं लागू की गई हैं।
सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिलाओं और युवाओं की उपस्थिति ने भाजपा सरकार की नीतियों और नेतृत्व के प्रति बढ़ते विश्वास को दर्शाया। मंत्री ने बरवाला क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई और कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों की शानदार शुरुआत हो चुकी है। इस दौरान भाजपा के स्थानीय नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने कैबिनेट मंत्री के विचारों का समर्थन किया और ‘वोकल फॉर लोकल’ के नारे को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर चेयरमैन प्रवीण सैनी, रोशन घणघस, पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा व रणधीर धीरू, मोनू संदूजा, पार्षद ओपी मालिया, देवेंद्र देव शर्मा, जगरुप सिंह, सुरेश गोयल, पंकज बादल, दिनेश सैनी, विजय सिंह, आशा देवी, पुजा गुंदली, नीलाम जांगड़ा, हरिराम, मूनिश गोयल, संदीप गोयल, महेश शर्मा सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।