Construction of new building of CHC Sisai Bolan
डीसी राहुल नरवाल ने बताया कि महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं के निर्देशानुसार आज 23 जुलाई को स्टैंडिंग फाइनेंस कमेटी की प्री-स्टैंडिंग बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई। बैठक में जिला परिषद के माध्यम से सीएचसी सिसाय बोलान के नए भवनों के निर्माण के प्रस्ताव पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। ( Hansi News Today )
उन्होंने बताया कि समीक्षा के दौरान यह सामने आया कि स्वास्थ्य केंद्र के लिए मौजूदा भवन काफी जर्जर हो चुके हैं तथा नए भवनों के निर्माण में कुछ समय लग सकता है। ऐसे में निर्माण कार्य के दौरान भी आम नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाएं बिना किसी रुकावट के उपलब्ध कराना सरकार और प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
डीसी राहुल नरवाल ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निर्माण अवधि के दौरान मरीजों, उनके परिजनों तथा स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। इसी उद्देश्य से संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि निर्माण कार्य शुरू होने से पहले सीएचसी सिसाय बोलान में संचालित सभी स्वास्थ्य सेवाओं को निकटवर्ती पंचायत भवन अथवा किसी अन्य उपयुक्त भवन में स्थानांतरित करने की आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं, ताकि क्षेत्रवासियों को उपचार एवं अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं लगातार मिलती रहें।
उन्होंने कहा कि महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं द्वारा इस पूरी प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने तथा समय-समय पर की गई कार्यवाही की रिपोर्ट विभाग को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
डीसी राहुल नरवाल ने कहा कि नए भवन के निर्माण से भविष्य में सिसाय बोलान गांव तथा क्षेत्र के लोगों को आधुनिक एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि निर्माण कार्य के दौरान भी किसी नागरिक को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा तथा प्रशासन इस पूरी प्रक्रिया की नियमित निगरानी करेगा।


