Latest News : Gohana Taxi Driver Death
हरियाणा न्यूज टूडे| सोनीपत जिले के गोहाना क्षेत्र के गांव जौली निवासी 35 वर्षीय टैक्सी चालक सोनू की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
परिजनों का आरोप है कि शरीर पर चोट के स्पष्ट निशान होने के बावजूद पोस्टमार्टम रिपोर्ट को सामान्य बताया गया है। आक्रोशित ग्रामीणों ने सदर थाना प्रभारी सुखबीर सिंह से मुलाकात की। पुलिस को सोमवार तक का अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो वे धरने पर बैठने को मजबूर होंगे।
वहीं एसीपी अमित धनखड़ ने कहा कि मामले में पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। मृतक का विसरा जांच को भेजा है। विसरा जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मृतक सोनू के चाचा सुरेश के अनुसार, सोनू 23 सितंबर की शाम करीब 6 बजे अपनी बलेनो गाड़ी से नरेला (दिल्ली) के गांव कुरैनी स्थित अपनी ससुराल गया था। अगले दिन, 24 सितंबर की सुबह करीब 7 बजे सोनू की पत्नी पीनू ने फोन कर उसकी लोकेशन पूछी तो सोनू ने बताया कि वह घर के लिए निकलने वाला है।
हालांकि सुबह 11 बजे तक जब सोनू घर नहीं पहुंचा और परिजनों ने दोबारा संपर्क करने की कोशिश की, तो उसका मोबाइल फोन बंद मिला। शाम करीब 5 बजे फोन दोबारा ऑन हुआ, लेकिन परिजनों का संपर्क नहीं हो सका।












