हिसार में सब इंस्पेक्टर 80 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, नारनौंद में तैनाती, केस से नाम हटाने की मांगी थी रकम

By sunilkohar

Published On:

हिसार में सब इंस्पेक्टर 80 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, नारनौंद में तैनाती केस से नाम हटाने की मांगी थी रकम

---Advertisement---

हिसार एसीबी ने सब इंस्पेक्टर अमृतलाल को 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों काबू, मिर्चपुर गांव के व्यक्ति से मांगे 1.20 लाख

हिसार एसीबी की टीम ने हांसी पुलिस महकमे के सब इंस्पेक्टर को 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी सब इंस्पेक्टर नारनौंद के बास थाने में तैनात है और उसने मिर्चपुर गांव के व्यक्ति से 1.20 लाख रुपये की डिमांड की थी, लेकिन बातचीत में सौदा 80 हजार में तय हो गया था।

मिली जानकारी के मुताबिक, बास थाने में कुछ दिन पहले मारपीट और लड़ाई-झगड़े का मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मुकदमे में मिर्चपुर निवासी सत्यवान के एक बेटे के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया था, जबकि उसके दूसरे बेटे का नाम अन्य में शामिल था। इस केस से बेटे का नाम निकालने की एवज में एसआई ने सत्यवान से 1.20 लाख रुपये की मांग की, लेकिन बातचीत में 80 हजार में सौदा तय हो गया।

सत्यवान ने पैसों का इंतजाम करने के लिए कुछ दिन की मोहलत मांगी और इसकी शिकायत एसीबी में की। एसीबी की टीम ने रिश्वतखोर सब इंस्पेक्टर को पकड़ने के लिए जाल बिछाया और टीम का गठन किया। जब सत्यवान ने पैसे देने के लिए आरोपी सब इंस्पेक्टर से संपर्क किया तो उसने पैसे लेकर अग्रोहा मोड़ बुलाया।

रिश्वत लेते एसआई अमृतलाल गिरफ्तार

सत्यवान पैसे लेकर अग्रोहा मोड़ पहुंचा और उसने जैसे ही आरोपी सब इंस्पेक्टर को पैसे दिए तो एसीबी की टीम ने उसे दबोच लिया। जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से सत्यवान से लिए गए वही नोट बरामद हो गए। हिसार एसीबी की टीम आरोपी सब इंस्पेक्टर को हिरासत में लेकर अपने साथ ले गई और उसके खिलाफ हिसार विजिलेंस में भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।

इस संबंध में विजिलेंस के इंस्पेक्टर मनमोहन सिंह ने बताया कि बास थाने में दर्ज मुकदमे से नाम हटाने की एवज में रिश्वत लेते हुए बास थाने के सब इंस्पेक्टर अमृतलाल को अग्रोहा मोड़ से काबू किया गया है। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करके इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, आरोपी सब इंस्पेक्टर से पूछताछ की जा रही है।

इस संबंध में बास थाना प्रभारी जयकुमार से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि सब इंस्पेक्टर अमृतलाल 17 नवंबर को चंडीगढ़ हाईकोर्ट जाने की बात कहकर रवानगी लेकर चला गया था। उसकी 18 नवंबर को हाईकोर्ट में किसी केस के सिलसिले में पेशी थी। उसे 19 नवंबर को वापस थाने में हाजिर होना था, लेकिन अब तक नहीं आया है और न ही उसके आगे का उन्हें कुछ मालूम है।

Leave a Comment