Sonipat Crime News: बड़वासनी के पास मानव अंग मामले में दिल्ली और आसपास के जिलों से मांगी मदद 

By sunilkohar

Published On:

Sonipat Crime News: बड़वासनी के पास मानव अंग मामले में दिल्ली और आसपास के जिलों से मांगी मदद 

---Advertisement---

Sonipat Badwasni Crime News

Sonipat Crime News: सोनीपत जिले के बड़वासनी के पास मिले मानव अंगों के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। सोनीपत पुलिस ने दिल्ली और आसपास के जिलों से मदद मांगी है। पुलिस ने घटनास्थल के पास करीब 3 घंटे सर्च अभियान चलाया लेकिन धड़ व सिर न मिलने के कारण मृतका की शिनाख्त करना बड़ी चुनौती बना हुआ है।
गांव बड़वासनी में मुरथल रोड बाईपास के पास खेत और नाले में मिले कटे हुए हाथ-पैरों के मामले में सदर थाना पुलिस की जांच तेज हो गई है। शुरुआती सबूतों के आधार पर पुलिस इस जघन्य हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए आसपास के जिलों के साथ-साथ दिल्ली पुलिस से भी संपर्क साध रही है। पुलिस ने घटनास्थल से बरामद कपड़ों और अन्य सुरागों की तस्वीरें संबंधित थानों को भेज दी हैं।
पुलिस जांच में यह बात सामने आ रही है कि महिला की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई थी। कातिलों ने मृतका की पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव के टुकड़े कर उन्हें अलग-अलग जगहों पर फेंक दिया। घटनास्थल मुख्य गोहाना बाईपास के बेहद नजदीक है इसलिए पुलिस को अंदेशा है कि अपराधी रात के अंधेरे में वाहन से आकर यहां शव के अवशेष फेंक गए होंगे।

कपड़ों और कड़ों से महिला होने की पुष्टि

मामले का खुलासा तब हुआ था जब गांव के किसान सुनील कुहाड़ ने अपने खेत में मानव शरीर के दो पैर पड़े देखे। इन पैरों पर एम साइज की जींस की पजामी थी। इसके बाद पास ही सड़क किनारे बने नाले से तेज दुर्गंध आने पर जब जांच की गई तो वहां क्षत-विक्षत हालत में दो कटे हुए हाथ भी बरामद हुए।
दोनों हाथों में धातु के दो-दो कड़े पहने हुए थे और पास से महिलाओं के कपड़े भी मिले थे। इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को शव किसी महिला का होने का पुख्ता अंदेशा है। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे: सदर थाना प्रभारी सुखबीर सिंह ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या और शव को खुर्द-बुर्द कर साक्ष्य मिटाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती महिला की शिनाख्त करना है। आसपास के इलाकों, नालों और झाड़ियों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है, बाईपास पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

You Might Also Like

1 thought on “Sonipat Crime News: बड़वासनी के पास मानव अंग मामले में दिल्ली और आसपास के जिलों से मांगी मदद ”

Leave a Comment