महम में युवक पर हमला
रोहतक जिले के महम-फरमाणा रोड पर स्कूटी पर सवार होकर घर जा रहे युवक का बाइक सवार तीन युवकों ने रास्ता रोक लिया और उस पर लोहे की रॉड व डंडों से हमला कर दिया। महम में हुई इस वारदात में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए हांसी के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
महम चौबीसी के गांव भैणी चंद्रपाल निवासी दलसिंह पुत्र राममेहर ने बताया कि उसकी मौसी के लड़के दलशेर ने महम में डेयरी की हुई है और वह सुबह करीब 11 बजे उसकी पशु डेयरी में आया था। दोपहर करीब ढाई बजे उसी के गांव का संजय भी वहां पर आ गया। वे सब बैठकर बातचीत कर रहे थे और बातें करते-करते रात के 9 बज गए। ( meham farmana road news )
पीड़ित दलसिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रात 9 बजे वह संजय की स्कूटी पर सवार होकर अपने घर जाने के लिए महम से रवाना हुआ था। स्कूटी वह खुद चला रहा था। रात करीब 9 बजकर 20 मिनट पर जब वे फरमाणा रोड पर किसान सेवा केंद्र पेट्रोल पंप के नजदीक पहुंचे, तो पीछे से एक बाइक पर सवार होकर तीन युवक आए और बाइक आगे अड़ाकर उनका रास्ता रोक लिया। ( Rohtak meham attack case )
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाते हुए बताया कि बाइक सवार युवकों ने उसकी स्कूटी रुकते ही उस पर लोहे की रॉड व डंडों से हमला कर दिया। जब वह जोर-जोर से चिल्लाया, तो हमलावर अज्ञात युवक उसे जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। उसने फरमाणा रोड पर अपने ऊपर हुए हमले की सूचना अपनी मौसी के लड़के दलशेर को दी, तो दलशेर मौके पर पहुंचा और उसे उपचार के लिए सरकारी अस्पताल महम में दाखिल करवाया।
दलसिंह के मुताबिक डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। परंतु उसके परिजनों ने उसे बेहतर उपचार के लिए मलिक अस्पताल हांसी में भर्ती करवाया। बाइक सवार युवकों द्वारा किए गए हमले में उसके हाथ व पांव में चोटें आई हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात बाइक सवार युवकों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरमाणा रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।












