बवानीखेड़ा तोशाम रोड़ खस्ताहाल से परेशान
Bhiwani News: बवानीखेड़ा फाटक से बलियाली तक तोशाम रोड पिछले करीब दो माह से लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। सड़क निर्माण कार्य के चलते मार्ग की हालत खराब है और वाहनों की आवाजाही के दौरान दिनभर धूल के गुबार उड़ते रहते हैं। इसका सबसे अधिक असर स्कूल जाने वाले बच्चों, राहगीरों और सड़क किनारे रहने वाले लोगों पर पड़ रहा है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य लंबे समय से चल रहा है, लेकिन अभी तक काम पूरा नहीं हो पाया है। वहीं धूल रोकने के लिए नियमित रूप से पानी का छिड़काव भी नहीं किया जा रहा। इससे सड़क किनारे स्थित दुकानदारों और घरों में रहने वाले लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
स्कूल जाने वाले बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी
इस मार्ग से रेनबो स्कूल, बीके स्कूल, समराइज स्कूल, श्री लाल बहादुर शास्त्री स्कूल, सिटी स्कूल, ग्रास रूट्स स्कूल और आदर्श स्कूल समेत कई शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी रोजाना आवागमन करते हैं। स्कूल के समय वाहनों की आवाजाही बढ़ने पर धूल और ज्यादा उड़ती है, जिससे बच्चों को परेशानी होती है।
6 सितंबर को मुख्यमंत्री के सामने उठेगा मुद्दा
बलियाली के सरपंच सचिन सरदाना, सदस्य गुरुवच्छा सिंह, नवीन कुमार और मोहन पाल आदि ने सड़क की समस्या को लेकर ग्रामीणों में रोष होने की बात कही। उन्होंने कहा कि यदि संबंधित विभाग जल्द सड़क निर्माण कार्य पूरा नहीं करता तो 6 सितंबर को मुख्यमंत्री के सामने यह मुद्दा उठाया जाएगा।
ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने, निर्माण की गुणवत्ता की जांच करने और तब तक नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि लंबे समय से चली आ रही समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे प्रशासन के सामने अपनी मांग मजबूती से रखेंगे।














