Online registration for state-level half marathon Rewari
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!-डीसी अभिषेक मीणा ने 6 सितंबर को होने वाली मैराथन के लिए अधिक से अधिक पंजीकरण कराने का आह्वान
रेवाड़ी, 24 अगस्त।
हरियाणा उदय अभियान के तहत ‘नशामुक्त हरियाणा’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से रेवाड़ी में 6 सितंबर, 2026 को राज्य स्तरीय मैराथन का आयोजन किया जाएगा। मैराथन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई है तथा प्रतिभागियों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इस मैराथन को मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी हरी झंडी दिखाने के साथ-साथ नशामुक्त हरियाणा के लिए युवाओं को जागरूकता का संदेश भी देंगे।
डीसी अभिषेक मीणा ने जिलेवासियों सहित प्रदेशभर के युवाओं, खिलाडिय़ों, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों तथा आमजन से इस मैराथन में बढ़-चढक़र भाग लेने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि ‘नशामुक्त हरियाणा’ का संकल्प तभी साकार होगा, जब समाज का प्रत्येक वर्ग इसमें अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करेगा। उन्होंने कहा कि रेवाड़ी मैराथन के माध्यम से युवाओं को फिटनेस, खेल और स्वस्थ जीवन के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने अधिक से अधिक नागरिकों से मैराथन में पंजीकरण करवाकर इस जन-अभियान का हिस्सा बनने की अपील की।
रेवाड़ी मैराथन के पंजीकरण की प्रक्रिया है बेहद सरल
डीसी ने बताया कि रेवाड़ी मैराथन के पंजीकरण की प्रक्रिया बेहद सरल बनाई गई है। मैराथन में भाग लेने के प्रतिभागी ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। इसके लिए अपना नाम, माता या पिता का नाम, आयु, राज्य, जिला और मोबाइल नंबर दर्ज कर पंजीकरण किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त क्यूआर कोड को स्कैन करके भी मैराथन के लिए आसानी से पंजीकरण किया जा सकते हैं।उन्होंने बताया कि 5 किलोमीटर मैराथन के लिए पंजीकरण बिल्कुल निशुल्क है। वहीं 10 किलोमीटर के लिए पंजीकरण करवाने के लिए मात्र 100 रुपए शुल्क निर्धारित किया गया है। डीसी ने युवाओं और खेल प्रेमियों सहित समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण करवाएं और 6 सितंबर को रेवाड़ी में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय मैराथन को सफल बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।














