Heroin smuggler arrested in Narnaund News
AHN News Narnaund : हांसी जिले के नारनौंद थाना पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक नशा तस्कर को हीरोइन सहित पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस नशा तस्कर से पूछताछ करने में लगी हुई है। ताकि इससे नशा तस्करी से जुड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके। नशा तस्कर का गांव पूरे उत्तर भारत में उड़ते पंजाब के नाम से जाना जाता है।
नारनौंद थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गांव राजथल के पास एक व्यक्ति नशा बेचने की फिराक में खड़ा हुआ है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बताए गए ठिकाने पर दबिश दी। पुलिस को देखकर वहां पर खड़ा एक व्यक्ति तेजी से चलने लगा। पुलिस को उस पर शक हो गया और उसे दबोच लिया।
पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली तो उसके पास 6.19 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुआ। पुलिस पूछताछ में आरोपी नशा तस्कर ने अपनी पहचान हांसी जिले के गांव राजथल निवासी सुरेंद्र उर्फ काला पुत्र कर्मवीर के रूप में बताई। पुलिस ने हेरोइन चिट्टा को अपने कब्जे में लेकर नशा तस्कर को हिरासत में लिया।
पुलिस ने नशा तस्कर सुरेंद्र उर्फ काला पुत्र कर्मवीर के खिलाफ नारनौंद थाना में नशा अधिनियम के तहत मामला दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस नशा तस्कर से पूछताछ करने में लगी हुई है ताकि इस नशा तस्कर के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके। क्योंकि गांव राजथल से नशे का कारोबार पूरे उत्तर भारत सहित देश के अन्य राज्यों में भी किया जाता है।



