जुलाना से युवती 2.5 लाख रुपये और जेवरात लेकर रात को घर से गायब
Jind Julana News: जींद जिले के जुलाना से एक युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। आरोप है कि वह अपने साथ घर में रखे 2.5 लाख रुपये और सोने-चांदी के जेवरात भी ले गई है और रात को बिना किसी को कुछ बताए चली गई। पुलिस ने युवती के परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जुलाना के करसौला मोड़, वार्ड-1 निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 16 नवंबर की तड़के करीब 2:30 बजे उनकी बेटी घर से कहीं चली गई। जब परिजनों की आंख खुली तो वह घर पर नहीं मिली। उन्होंने अपने स्तर पर उसकी काफी तलाश की, परंतु कहीं से भी उसके बारे में कोई सुराग नहीं लगा।
2.5 लाख रुपये व सोने-चांदी के जेवरात गायब
पीड़ित पिता ने बताया कि जब उन्होंने घर में रखे सामान की जांच की, तो अलमारी में रखे 2.5 लाख रुपये व सोने-चांदी के जेवरात गायब मिले। इसके साथ ही एक मोबाइल फोन भी रात से गायब है। परिजनों ने आशंका जताई है कि यह सारा सामान उनकी बेटी ही अपने साथ ले गई है।
जुलाना में गुमशुदगी का मामला दर्ज
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 127 के तहत कार्रवाई करते हुए गुमशुदगी का मामला दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी है।












