हिसार गोदाम से गेहूं चोरी: 6 महीने बाद चोर फतेहाबाद से गिरफ्तार

By sunilkohar

Published On:

हिसार गोदाम से गेहूं चोरी: 6 महीने बाद चोर फतेहाबाद से गिरफ्तार

---Advertisement---

Hisar News : गेहूं चोरी की वारदात

हिसार: हिसार के गांव मुकलान स्थित गोदाम से 50 क्विंटल गेहूं चोरी करने के मामले में आजाद नगर थाना पुलिस करीब 6 महीने बाद चोर गिरोह तक पहुंचने में कामयाब हुई है। पुलिस ने गोदाम से गेहूं चोरी के मामले में फतेहाबाद से चोर गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात से जुड़े कई खुलासे किए हैं।

हिसार गोदाम से गेहूं चोरी

मिली जानकारी के मुताबिक, हिसार जिले के गांव मुकलान स्थित एक गोदाम से 29 अप्रैल को 50 क्विंटल गेहूं चोरी होने का मामला सामने आया था। इस संबंध में मुकलान निवासी महेश की शिकायत पर आजाद नगर थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

चोरी की वारदात पुलिस के लिए पहेली

गोदाम में हुई चोरी की वारदात पुलिस के लिए पहेली बनी हुई थी। शिकायतकर्ता भी करीब पांच महीने तक पुलिस की कार्रवाई का इंतजार करता रहा, लेकिन मामले में कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया था।

करीब 6 महीने बाद पुलिस की जांच में उस समय तेजी आई, जब शक के आधार पर एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान युवक ने मुकलान स्थित गोदाम से गेहूं चोरी करने की वारदात का खुलासा किया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 29 अप्रैल को उसने अपने साथियों रामकुमार उर्फ हनुमान, अजय उर्फ घोलू, धर्मेंद्र और मोनू के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने गोदाम का ताला तोड़कर वहां से 50 क्विंटल गेहूं चोरी किया था। इसके बाद गेहूं को पिकअप गाड़ी में लोड कर वे मौके से भाग रहे थे। रास्ते में पिकअप गाड़ी गेहूं के खेत में धंस गई। इसके बाद उन्हें गेहूं वहीं उतारकर मौके से भागना पड़ा।

फतेहाबाद जिले के गांव खारा खेड़ी निवासी मंगल गिरफ्तार

मुकलान गोदाम से गेहूं चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपी की पहचान फतेहाबाद जिले के गांव खारा खेड़ी निवासी मंगल पुत्र रामकुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी से निशानदेही करवाई और उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस का प्रयास है कि चोरी की वारदात में शामिल अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाए और चोरी हुआ गेहूं बरामद किया जा सके।

 

Leave a Comment