जींद में झगड़ा सुलझाना पड़ा भारी, युवक व भाइयों से मारपीट
Jind News: जींद शहर के रोहतक रोड पर दो पक्षों के बीच चल रहे पैसों के विवाद में बीच-बचाव करना ट्रांसपोर्टर और उसके भाइयों पर भारी पड़ गया। हमलावरों ने डंडों और थप्पड़-मुक्कों से हमला कर ट्रांसपोर्टर को बेहोश कर दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। सिविल लाइन थाना जींद पुलिस (CRSU Police Post) ने घायल के बयान पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में सफीदों रोड स्थित जवाहर नगर निवासी सतविंद्र (29) ने बताया कि वह ट्रांसपोर्ट का काम करता है। बीती 23 नवंबर की रात करीब 11 बजे वह अपने भाइयों जोगिंद्र और रविंद्र के साथ रोहतक रोड स्थित ‘आदित्य ऑटोमोबाइल‘ पर अपने रिश्तेदार सैनीपुरा निवासी अमित उर्फ मीता से मिलने गया था। वहां हाउसिंग बोर्ड निवासी रोहित सैनी, सुंदरपुर बराह निवासी प्रविंद्र उर्फ मोनू, बराड़खेड़ा निवासी अजय और अपोलो रोड निवासी आदिश भी मौजूद थे।
बीच-बचाव करने पर भड़के आरोपी
शिकायत के अनुसार, मौके पर अजय और रोहित सैनी के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर कहासुनी व झगड़ा हो रहा था। सतविंद्र ने दोनों को शांत कराते हुए सुबह बैठकर मामला सुलझाने की सलाह दी। इस बात से भड़के अजय ने सतविंद्र के मुंह पर थप्पड़ जड़ दिया। जब सतविंद्र और उसके भाई वहां से जाने लगे, तो प्रविंद्र उर्फ मोनू ने डंडे से उस पर हमला कर दिया।
कमरे में भागकर बचाई जान, घायल बेहोश
सतविंद्र को पिटता देख उसके भाई जोगिंद्र, रविंद्र और रिश्तेदार अमित ने बीच-बचाव की कोशिश की, तो मोनू, अजय और आदिश ने तीनों भाइयों पर डंडों व थप्पड़-मुक्कों से हमला बोल दिया। हमले से बचने के लिए रविंद्र भागकर एक कमरे में घुस गया, लेकिन आरोपियों ने पीछा कर वहां भी मारपीट की। शोर-शराबा सुनकर मौके पर मौजूद अमित, रोहित सैनी और मोहित कुंडू ने बड़ी मुश्किल से तीनों भाइयों को हमलावरों के चंगुल से छुड़वाया।
जान से मारने की धमकी देकर फरार
आरोप है कि जाते-जाते हमलावर धमकी दे गए कि “आज तो बच गए, आइंदा पंगा लिया तो जान से मार देंगे।” मारपीट में गंभीर चोटें लगने के कारण सतविंद्र मौके पर ही बेहोश हो गया, जिसे उसके भाइयों ने उपचार के लिए जींद के सरकारी अस्पताल (GH) में भर्ती करवाया।













