Hansi fraud by promising brick-making machine ( ईंट बनाने की मशीन का विज्ञापन )
हरियाणा न्यूज टूडे | साइबर ठग इतने शातिर हैं कि आए दिन ठगी करने के नए तरीके निकालकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। हांसी में भट्ठा मालिक ने फेसबुक पर ईंट बनाने की मशीन का विज्ञापन देखना उस समय भारी पड़ गया जब साइबर ठगों ने ईंट भट्टा मालिक को 4.33 लाख का चूना लगा दिया। पीड़ित ने ठगी का अहसास हुआ तो उसने ऑनलाइन व साइबर क्राइम थाना पुलिस को शिकायत दी।
फेसबुक एड से लोगों को बना रहे निशाना
पुलिस को दी शिकायत में सन्त्री चौधरी ने बताया वह हांसी के रहने वाले हैं और ईंट-भट्ठा का काम करते हैं। सितंबर में वह अपनी फेसबुक आईडी देख रहे थे। फेसबुक पर ईंटें बनाने वाली मशीन का एड चल रही थी। उस एड पर दो मोबाइल फोन नंबर दिए हुए थे। उन्होंने दर्शाए गए नंबर पर फोन किया। उन्हें ईंटें बनाने वाली मशीन देने की बात कही। कहा गया कि मशीन के लिए पहले ऑर्डर देना पड़ता है, जिसकी पेमेंट करनी होगी।
नेट बैंकिंग के जरिये रुपए ट्रांसफर
शिकायतकर्ता के अनुसार वह उनकी बातों में आ गए और उनके कहने पर उनके भाई ने बताए गए नंबरों पर और ईंट-भट्ठा के बैंक खातों से नेट बैंकिंग के जरिये रुपए ट्रांसफर कर दिए। कुल मिलाकर 4 लाख 33 हजार 150 रुपए ट्रांसफर किए गए। कई बार फोन करने के बाद भी दूसरी तरफ से संतोषजनक जवाब नहीं मिला। फिर फोन उठाना बंद कर दिया गया। फिर उन्हें धोखाधड़ी का पता चला।
अज्ञात मोबाइल फोन धारकों ने उनसे ऑनलाइन फ्राड किया है। पुलिस को दी शिकायत में उन्होंने दोनों मोबाइल फोन नंबर भी दिए हैं और पुलिस ने मांग की है कि दोनों फोन धारकों का पता लगाकर कानूनी कार्रवाई की जाए और उनके रुपए वापस दिलवाएं जाएं। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। अब पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर झांसे में आने से बचें। साइबर ठगी का अंदेशा होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।











