Case of shopkeeper being held hostage and beaten up in Bahal
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
Bhiwani News: भिवानी पुलिस की स्पेशल स्टाफ ईशरवाल की टीम ने बहल में दुकानदार को बंधक बनाकर मारपीट करने व जबरन फिरौती मांगने के मामले में संगठित गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर पहले भी संगीन धाराओं के तहत विभिन्न पुलिस थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं।
बहल निवासी हेमकरण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बहल में गिफ्ट गैलरी शॉप का संचालन करता है। 8 दिन पहले रात लगभग नौ बजे वह खाना खाकर घर के बाहर घूमने के लिए निकला। गांव बहल निवासी विनोद उर्फ ध्याला अपने 6-7 अन्य साथियों के साथ बोलेरो गाड़ी में आया।
उसने उसे जबरदस्ती गाड़ी में बैठा लिया। आरोपी उसे नहर की पटरी के सुनसान रास्ते पर ले गए। वहां सभी आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। एक आरोपी ने मारपीट का वीडियो बनाया। इसके बाद आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर रुपये की मांग करने लगे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस को रात को सूचना
मिली कि मामले में शामिल दो आरोपी बहल क्षेत्र में मौजूद हैं। पुलिस टीम ने आरोपियों का पीछा किया। पुलिस टीम को देखकर आरोपी भाग गए। पुलिस ने पीछा किया। दोनों गिर गए। इससे दोनों के पैरों में चोटें आईं। पुलिस ने मौके पर आरोपियों को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों का अस्पताल में उपचार करवाया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ढाणी बहल निवासी विनोद उर्फ ध्याला व बहल निवासी संजय के रूप में हुई है।
आरोपी विनोद लगभग दो महीने पहले जिला कारागार से छूटकर बाहर आया था। आरोपी विनोद उर्फ ध्याला के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, शस्त्र अधिनियम, जबरन वसूली, धमकी, मारपीट समेत विभिन्न धाराओं के तहत 17 मामले पहले से दर्ज हैं। जबकि आरोपी संजय के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, हत्या के प्रयास तथा मारपीट आदि धाराओं के तहत 3 मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेज दिया गया है। पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।















