पांच एकड़ पंचायती भूमि पर एक हजार से अधिक पौधारोपण के साथ जिला स्तरीय वन महोत्सव का शुभारंभ
पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी अभियान नहीं, जन-जन का संकल्प बने: एसडीएम राजेश खोथ
प्रकृति का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की सबसे बड़ी जिम्मेदारी: चेयरमैन राजेश ठकराल
‘मेरी हरी-भरी हांसी’ अभियान के तहत रोपित पौधों का निरीक्षण कर एसडीएम ने सराहा संरक्षण कार्य
हांसी, 7 अगस्त।
Latest Hansi News: वन विभाग द्वारा गांव मसूदपुर की करीब पांच एकड़ पंचायती भूमि पर एक हजार पौधारोपण कर जिला स्तरीय वन महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एसडीएम राजेश खोथ ने मुख्य अतिथि तथा हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन राजेश ठकराल ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की।
इस अवसर पर एक हजार से अधिक पौधे रोपित कर जिले में हरित आवरण बढ़ाने के व्यापक अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ रेंज फॉरेस्ट अधिकारी रमेश यादव द्वारा मुख्य अतिथि एसडीएम राजेश खोथ, विशिष्ट अतिथि राजेश ठकराल तथा अन्य अतिथियों को तुलसी का पौधा स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट कर किया गया। उन्होंने कहा कि तुलसी भारतीय संस्कृति में प्रकृति, स्वास्थ्य और जीवन का प्रतीक है तथा प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाकर उसकी देखभाल करनी चाहिए।
कार्यक्रम से पहले एसडीएम राजेश खोथ ने ‘मेरी हरी-भरी हांसी’ अभियान के अंतर्गत पूर्व में रोपित विभिन्न पौधारोपण स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां पौधों को विकसित होकर वृक्ष बनने की दिशा में बढ़ते हुए देखा और संरक्षण कार्यों की सराहना की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों तथा ग्रामीणों की प्रशंसा करते हुए कहा कि पौधा तभी सार्थक होता है जब उसकी नियमित देखभाल कर उसे वृक्ष बनाया जाए। उन्होंने पौधों के संरक्षण के लिए किए जा रहे सामूहिक प्रयासों को प्रेरणादायी बताया।
मुख्य अतिथि एसडीएम राजेश खोथ ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज केवल एक अभियान नहीं बल्कि मानव अस्तित्व से जुड़ा सबसे महत्वपूर्ण दायित्व बन चुका है। बढ़ते तापमान, जल संकट और प्रदूषण जैसी चुनौतियों से निपटने का सबसे प्रभावी उपाय अधिक से अधिक पौधारोपण तथा उनका संरक्षण है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं बल्कि उन्हें पेड़ बनने तक सुरक्षित रखना है और इसमें जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उन्होंने कहा कि ‘मेरी हरी-भरी हांसी’ अभियान ने जिले में पर्यावरण संरक्षण को एक जनआंदोलन का स्वरूप दिया है। विद्यालयों, पंचायतों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों की सहभागिता से हजारों पौधों का संरक्षण किया जा रहा है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी निभाए तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण सहज रूप से उपलब्ध कराया जा सकता है।
विशिष्ट अतिथि हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन राजेश ठकराल ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को संतुलित नहीं रखते बल्कि समाज के आर्थिक और सामाजिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। स्वच्छ वातावरण स्वस्थ समाज की पहचान है और इसके लिए सभी वर्गों को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग भी सामाजिक उत्तरदायित्व निभाते हुए पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभा रहा है।
उन्होंने कहा कि पौधारोपण तभी सफल माना जाएगा जब प्रत्येक पौधे की नियमित देखभाल की जाए। आज लगाए गए पौधे भविष्य में हजारों लोगों को शुद्ध वायु, छाया और बेहतर पर्यावरण प्रदान करेंगे। उन्होंने युवाओं और विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण को अपने जीवन का संकल्प बनाने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
वन विभाग के अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को पौधों की देखभाल, संरक्षण तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के विभिन्न उपायों की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों, बुजुर्गों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणों ने अपने-अपने लगाए गए पौधों के साथ सेल्फी ली तथा उन्हें पेड़ बनने तक सुरक्षित रखने का संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के प्रति उत्साह और जनभागीदारी का विशेष वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर ब्लॉक समिति अध्यक्ष शीला यादव, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी अशोक मेहरा, गांव मसूदपुर की सरपंच मेनका, सुभाष यादव, रेंज फॉरेस्ट अधिकारी रमेश यादव, सौरव कथूरिया, बीडीसी सदस्य सुशीला, सतवीर शर्मा सहित वन विभाग के अधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी, ग्रामीण एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
———-
9 से 17 अगस्त तक जिलेभर में गूंजेगा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान, जनभागीदारी से सजेगा राष्ट्रभक्ति का महापर्व : डीसी राहुल नरवाल
14 अगस्त को श्रद्धापूर्वक मनाया जाएगा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस, सभी विभागों को सौंपी गई जिम्मेदारियां
‘150 वर्ष वंदे मातरम्’ थीम पर तिरंगा यात्राएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रदर्शनी, रंगोली और सेल्फी विद तिरंगा अभियान होंगे आकर्षण का केंद्र
हर घर पर तिरंगा फहराने और पोर्टल पर सेल्फी अपलोड करने का उपायुक्त ने किया आह्वान
हांसी, 7 अगस्त।
Hansi ki Taaja khabar : देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को और अधिक प्रगाढ़ बनाने के उद्देश्य से 9 से 17 अगस्त तक जिलेभर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान पूरे उत्साह और जनभागीदारी के साथ आयोजित किया जाएगा। वहीं 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर देश के विभाजन के दौरान लाखों लोगों द्वारा झेली गई पीड़ा, संघर्ष और बलिदान को स्मरण करते हुए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इसी संबंध में उपायुक्त राहुल नरवाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला सचिवालय स्थित सभागार में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने सभी विभागों के अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपते हुए अभियान को व्यापक जनसहभागिता के साथ सफल बनाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, जबकि सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक केएम पांडुरंग ने अभियान की विस्तृत कार्ययोजना से अधिकारियों को अवगत कराया।
उपायुक्त राहुल नरवाल ने कहा कि हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार इस वर्ष अभियान “150 वर्ष वंदे मातरम्” थीम पर आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना को और अधिक सशक्त करना है। साथ ही देश के विभाजन की त्रासदी और उस दौर के संघर्ष एवं बलिदान से नई पीढ़ी को परिचित कराना भी इस अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान जिला प्रशासन के नेतृत्व में सभी सरकारी विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, नगर परिषद, ग्राम पंचायतों, स्वयंसेवी संगठनों तथा सामाजिक संस्थाओं के समन्वय से जिलेभर में तिरंगा यात्राएं, बाइक, साइकिल एवं ई-बाइक रैलियां, वंदे मातरम् एवं तिरंगा प्रदर्शनियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम, रंगोली प्रतियोगिताएं, सेल्फी विद तिरंगा अभियान तथा विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। प्रत्येक कार्यक्रम की नियमित मॉनिटरिंग जिला प्रशासन द्वारा की जाएगी।
डीसी ने कहा कि अभियान के दौरान प्रमुख सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, बस स्टैंड, प्रमुख चौकों, बाजारों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों को आकर्षक तिरंगा रोशनी एवं सजावट से सजाया जाएगा। जिला, ब्लॉक तथा पंचायत स्तर पर तिरंगा और वंदे मातरम् विषय पर विशेष प्रदर्शनियां आयोजित होंगी। विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विद्यार्थियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी तथा तिरंगा यात्राओं के दौरान सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन भी किया जाएगा।
डीसी राहुल नरवाल ने बताया कि ‘सेल्फी विद तिरंगा’ अभियान के तहत जिले के प्रमुख स्थानों पर विशेष सेल्फी प्वाइंट स्थापित किए जाएंगे। नागरिकों को हर घर तिरंगा पोर्टल पर राष्ट्रीय ध्वज के साथ अपनी सेल्फी अपलोड करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। जिला प्रशासन एवं सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग सोशल मीडिया सहित विभिन्न संचार माध्यमों के जरिए अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे।
उन्होंने बताया कि वंदे मातरम् थीम पर विशाल तिरंगा रंगोलियां तैयार की जाएंगी, जिनमें स्थानीय कलाकारों, महिला एवं बाल विकास विभाग, विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा विभिन्न सरकारी विभागों की सक्रिय भागीदारी रहेगी। राष्ट्रीय ध्वज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए बीपीएल परिवारों को तिरंगे उपलब्ध कराए जाएंगे, जबकि अन्य नागरिकों के लिए स्वयं सहायता समूहों एवं स्थानीय विक्रेताओं के माध्यम से तिरंगा बिक्री केंद्र स्थापित किए जाएंगे। सभी राष्ट्रीय ध्वज फ्लैग कोड ऑफ इंडिया के अनुरूप उपलब्ध कराए जाएंगे।
उपायुक्त ने बताया कि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर जिलेभर में व्याख्यान, परिचर्चा, प्रदर्शनी, वृत्तचित्र प्रदर्शन, नाट्य प्रस्तुतियां, अनुभव साझा कार्यक्रम, श्रद्धांजलि सभाएं तथा जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विद्यार्थियों को विभाजन के इतिहास तथा उसके मानवीय पक्ष से अवगत कराया जाएगा।
बॉक्स
तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर देशभक्ति के इस महाअभियान से जुड़ें, हांसी बनाए नई पहचान : डीसी
उपायुक्त राहुल नरवाल ने जिले के सभी नागरिकों, विशेषकर युवाओं से आह्वान किया कि वे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक अपने घर, प्रतिष्ठान और कार्यालय पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराए तथा तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपलोड कर इस राष्ट्रव्यापी अभियान का सक्रिय भागीदार बने। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि हांसी जिला जनभागीदारी और राष्ट्रभक्ति का एक नया कीर्तिमान स्थापित करेगा। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
——————
समाधान शिविर मे आई शिकायतों का निर्धारित समय अवधि में समाधान कर, एटी आर पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें अधिकारी : एडीसी लक्षित सरीन
हांसी, 07 अगस्त।
Latest News Hansi: एडीसी लक्षित सरीन की अध्यक्षता में शुक्रवार को लघु सचिवालय में समाधान शिविर में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए एडीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में पूरी गंभीरता बरतें तथा किसी भी शिकायत की एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) अपलोड करने से पहले संबंधित शिकायतकर्ता से दूरभाष पर संपर्क कर यह सुनिश्चित करें कि उसकी समस्या का संतोषजनक समाधान हो चुका है।

एडीसी लक्षित सरीन ने कहा कि समाधान शिविर का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान करना है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ शिकायतों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करें। यदि किसी शिकायतकर्ता को समाधान से संतुष्टि नहीं है तो उसकी समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभागीय स्तर पर निपटाए जा सकने वाले मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा अन्य मामलों को नियमानुसार उच्च स्तर पर भेजा जाए, ताकि उनका समय पर निस्तारण सुनिश्चित हो सके। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
—————-
ग्राम पंचायत भकलाना के दोनों तालाबों की बोली 21 अगस्त को होगी बोली: बीडीपीओ राज सिंह
हांसी, 7 अगस्त।
हांसी खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी राज सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत भकलाना के अंतर्गत आने वाले दो पंचायत तालाबों को पट्टे पर देने के लिए 21 अगस्त 2026 को बोली आयोजित की जाएगी।
बीडीपीओ ने बताया कि ग्राम पंचायत के 30 जुलाई 2026 के आधार पर कार्यालय में 7 अगस्त 2026 को प्रस्ताव प्राप्त हुआ है। प्रस्ताव के अनुसार ग्राम पंचायत क्षेत्र स्थित गुगाना तालाब तथा माता वाली जोहड़ी (अनुसूचित जाति आरक्षित) के मत्स्य पालन का अधिकार पांच वर्ष की अवधि के लिए बोली के माध्यम से पट्टे पर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 21 अगस्त 2026 को प्रातः 11 बजे ग्राम सचिवालय, भकलाना में बोली आयोजित की जाएगी। इच्छुक व्यक्ति निर्धारित समय पर उपस्थित होकर नियमानुसार बोली प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं। बोली पूरी तरह पारदर्शी एवं निर्धारित सरकारी नियमों के अनुसार संपन्न कराई जाएगी।
बीडीपीओ राज सिंह ने कहा कि पंचायत की संपत्तियों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना तथा पंचायत की आय में वृद्धि करना विभाग की प्राथमिकता है। मत्स्य पालन के लिए तालाबों के वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित उपयोग से पंचायत को राजस्व प्राप्त होगा, साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार और मत्स्य उत्पादन को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने इच्छुक व्यक्तियों से अपील की कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक दस्तावेजों सहित उपस्थित होकर खुलेआम बोली में भाग लें। किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति खंड विकास एवं पंचायत कार्यालय अथवा सरपंच सोनिया से ग्राम सचिवालय, भकलाना से संपर्क कर सकते हैं।
हांसी शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में व्यापारियों की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण : एडीसी एवं डीएमसी लक्षित सरीन
Hansi City News: हांसी अतिरिक्त उपायुक्त एवं जिला नगर आयुक्त लक्षित सरीन ने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर हांसी का सपना तभी साकार होगा, जब नगर परिषद और शहर के व्यापारी मिलकर स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन का रूप देंगे। उन्होंने सभी व्यापारियों से अपने-अपने बाजारों में स्वच्छता बनाए रखने तथा प्रत्येक दुकान के बाहर डस्टबिन का उपयोग सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
शुक्रवार को स्थानीय रेस्ट हाउस में आयोजित बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त एवं डीएमसी लक्षित सरीन ने शहर की विभिन्न मार्केट एसोसिएशनों के प्रधानों एवं प्रतिनिधियों के साथ विस्तार से चर्चा की। बैठक के दौरान नगर परिषद की ओर से सभी मार्केट एसोसिएशन के प्रधानों को डस्टबिन वितरित किए गए, ताकि बाजारों में कूड़ा इधर-उधर फेंकने की बजाय निर्धारित डस्टबिन में ही डाला जाए और स्वच्छ वातावरण बनाए रखा जा सके।
लक्षित सरीन ने कहा कि स्वच्छ बाजार न केवल शहर की सुंदरता बढ़ाते हैं, बल्कि ग्राहकों और आम नागरिकों पर भी सकारात्मक प्रभाव डालते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यापारी का यह सामाजिक दायित्व है कि वह अपनी दुकान एवं उसके आसपास के क्षेत्र को साफ-सुथरा रखे। यदि सभी व्यापारी इस दिशा में सहयोग करेंगे तो हांसी को प्रदेश के सबसे स्वच्छ शहरों में शामिल किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि नगर परिषद द्वारा शहर में नियमित सफाई, कूड़ा उठान तथा विशेष स्वच्छता अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए व्यापारिक संगठनों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने सभी मार्केट एसोसिएशन के पदाधिकारियों से आग्रह किया कि वे अपने सदस्यों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करें तथा यह सुनिश्चित करें कि कोई भी दुकानदार सड़क या नालियों में कूड़ा न डाले।
बैठक में व्यापारियों ने भी नगर परिषद के स्वच्छता अभियान में पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि सभी मार्केट एसोसिएशन अपने-अपने बाजारों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाएंगी तथा दुकानदारों को डस्टबिन का नियमित उपयोग करने के लिए प्रेरित करेंगी।
अतिरिक्त उपायुक्त एवं डीएमसी ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही इसे सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि व्यापारियों के सहयोग से शहर में स्वच्छता व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा हांसी स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर के रूप में नई पहचान बनाएगा।
बैठक के अंत में सभी मार्केट एसोसिएशन के प्रधानों ने नगर परिषद द्वारा डस्टबिन उपलब्ध करवाने की पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी अभियानों में सक्रिय सहयोग देने का आश्वासन दिया।
शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में व्यापारियों की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण : एडीसी एवं डीएमसी लक्षित सरीन
हांसी, 7 अगस्त। अतिरिक्त उपायुक्त एवं जिला नगर आयुक्त लक्षित सरीन ने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर हांसी का सपना तभी साकार होगा, जब नगर परिषद और शहर के व्यापारी मिलकर स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन का रूप देंगे। उन्होंने सभी व्यापारियों से अपने-अपने बाजारों में स्वच्छता बनाए रखने तथा प्रत्येक दुकान के बाहर डस्टबिन का उपयोग सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
शुक्रवार को स्थानीय रेस्ट हाउस में आयोजित बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त एवं डीएमसी लक्षित सरीन ने शहर की विभिन्न मार्केट एसोसिएशनों के प्रधानों एवं प्रतिनिधियों के साथ विस्तार से चर्चा की। बैठक के दौरान नगर परिषद की ओर से सभी मार्केट एसोसिएशन के प्रधानों को डस्टबिन वितरित किए गए, ताकि बाजारों में कूड़ा इधर-उधर फेंकने की बजाय निर्धारित डस्टबिन में ही डाला जाए और स्वच्छ वातावरण बनाए रखा जा सके।
लक्षित सरीन ने कहा कि स्वच्छ बाजार न केवल शहर की सुंदरता बढ़ाते हैं, बल्कि ग्राहकों और आम नागरिकों पर भी सकारात्मक प्रभाव डालते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यापारी का यह सामाजिक दायित्व है कि वह अपनी दुकान एवं उसके आसपास के क्षेत्र को साफ-सुथरा रखे। यदि सभी व्यापारी इस दिशा में सहयोग करेंगे तो हांसी को प्रदेश के सबसे स्वच्छ शहरों में शामिल किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि नगर परिषद द्वारा शहर में नियमित सफाई, कूड़ा उठान तथा विशेष स्वच्छता अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए व्यापारिक संगठनों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने सभी मार्केट एसोसिएशन के पदाधिकारियों से आग्रह किया कि वे अपने सदस्यों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करें तथा यह सुनिश्चित करें कि कोई भी दुकानदार सड़क या नालियों में कूड़ा न डाले।
बैठक में व्यापारियों ने भी नगर परिषद के स्वच्छता अभियान में पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि सभी मार्केट एसोसिएशन अपने-अपने बाजारों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाएंगी तथा दुकानदारों को डस्टबिन का नियमित उपयोग करने के लिए प्रेरित करेंगी।
अतिरिक्त उपायुक्त एवं डीएमसी ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही इसे सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि व्यापारियों के सहयोग से शहर में स्वच्छता व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा हांसी स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर के रूप में नई पहचान बनाएगा।
बैठक के अंत में सभी मार्केट एसोसिएशन के प्रधानों ने नगर परिषद द्वारा डस्टबिन उपलब्ध करवाने की पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी अभियानों में सक्रिय सहयोग देने का आश्वासन दिया।












