Haryana News Today: employee committed suicide two days before retirement in Milakpur village of Hisar
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!राजबीर के सुसाइड नोट में पानीपत के शुगर मिल के कर्मचारी का नाम
हरियाणा न्यूज टूडे/सुनील कोहाड़
नारनौंद की ताजा खबर: नारनौंद क्षेत्र के गांव मिलकपुर में एक कर्मचारी ने रिटायर्डमेंट से दो दिन पहले जहरीली गोलियां खाकर सुसाइड करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कारवाई शुरू कर दी है। मृतक के बैग से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है।
पुलिस को दिए ब्यान में गांव मिलकपुर नंबर वन निवासी विक्रम ने बताया कि उसका पिता राजबीर पानीपत के शुगर मिल में नौकरी करता था और 30 अप्रैल को उसके पिता की रिटायर्डमेंट होने वाली थी। लेकिन 28 अप्रैल की शाम को करीब चार बजे उसके पिता बिना बताए घर से चले गए और रात तक वापस नहीं पहुंचे। उसके बाद वो मोटरसाईकिल लेकर अपने खेत में पहुंचा तो उसका पिता नाली पर बैठा हुआ था तो उसने पूछा कि पिता जी क्या बात है आप ऐसे क्यों बैठे हो और घर क्यों नहीं आए।
विक्रम ने बताया कि पूछने पर उसके पिता राजबीर ने बताया उसने जहरीली गोलियां खा ली हैं। लेकिन कारण बताने से पहले ही वो अचेत हो गए। वो उन्हें तुरंत ही जींद के अस्पताल में लेकर पहुंचे जहां पर डॉक्टरों ने उसके पिता को मृत घोषित कर दिया। जब अस्पताल में उसके पिता के आधार कार्ड की जरूरत पड़ी तो उसके पिता के बैग से एक सुसाइड नोट मिला।
विक्रम ने पुलिस को दी शिकायत में सुसाइड नोट का हवाला देते हुए बताया कि उसके पिता के बैग से एक सुसाइड नोट मिला है। जोकि 21 अप्रैल की तारीख लिखी हुई है। उसमें लिखा है कि उसके पास शुगर मिल में स्वीपर की नौकरी करने वाले जयभगवान पुत्र मांगेराम ने उससे सन 2020 के मई महीने में 5 लाख 70 हजार रूपए अपनी बेटी की शादी में उधार लिए थे। लेकिन अब तक उसने वो रूपए नहीं लौटाए और ना ही कोई ठोस जवाब दे रहा है। जिसकी उसे बहुत टेंशन हो रही है। इसलिए वो आत्महत्या कर रहा है।
नारनौंद पुलिस सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मृतक के बेटे विक्रम के ब्यान पर मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव को परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की गहनता से जांच करने में जुटी हुई है।














