Blue Star Hotel Hisar में जुए के अड्डे का पर्दाफाश, तीसरी मंजिल पर जुआ खेलते 8 गिरफ्तार
हिसार: हिसार पुलिस की सीआईए टीम ने राजगुरु मार्केट स्थित ब्लू स्टार होटल (Blue Star Hotel Hisar) में छापेमारी कर जुए के अड्डे का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके पर ही होटल की तीसरी मंजिल पर जुआ खेलते हुए 8 लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से जुए में लगाई गई 2 लाख 72 हजार 600 रुपये की नकदी और ताश के पत्ते बरामद किए गए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राजगुरु मार्केट स्थित ब्लू स्टार होटल में जुआ
हिसार पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, हिसार सीआईए पुलिस को सूचना मिली थी कि राजगुरु मार्केट स्थित ब्लू स्टार होटल में जुआ खेला जा रहा है और इसमें लाखों रुपये लगाए गए हैं। सूचना मिलते ही सीआईए पुलिस टीम ने बिना देरी किए होटल में छापेमारी की।
Hisar Blue Star Hotel की तीसरी मंजिल पर जुआ
पुलिस टीम ने होटल के कमरों की गहनता से जांच की। इस दौरान पता चला कि होटल की तीसरी मंजिल पर 8 लोग ताश के पत्तों पर रुपये लगाकर जुआ खेल रहे थे। पुलिस ने सभी को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ताश के पत्ते और जुए में लगाई गई 2 लाख 72 हजार 600 रुपये की नकदी बरामद कर अपने कब्जे में ले ली।
पुलिस के अनुसार, होटल ब्लू स्टार में जुआ खेलने के मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तराखंड के जिला अल्मोड़ा के गांव जाक निवासी माही पुत्र नरेंद्र, जो वर्तमान में ब्लू स्टार होटल हिसार में रहता है, के रूप में हुई है।
इसके अलावा ज्योतिपुरा मोहल्ला हिसार निवासी अजय पुत्र हरीश, 12 क्वार्टर हिसार निवासी मंगल पुत्र धर्मपाल, सुदामा पुत्र गुरदयाल, कबीर चौक हिसार निवासी सुरेंद्र पुत्र भीम सिंह, बेगू रोड सिरसा निवासी योगेश पुत्र सुखलाल, तरसेम नगर हिसार निवासी दीपक पुत्र कृष्ण और महाबीर कॉलोनी हिसार निवासी रवि पुत्र सुरेंद्र को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।











2 thoughts on “Hisar Hotel Gambling News: होटल में जुआ खेलते 8 गिरफ्तार, 2.72 लाख बरामद”