2 October Gram Sabha : पेयजल और सरकारी योजनाओं पर चर्चा
हिसार समाचार: हिसार जिले की सभी ग्राम पंचायतों में 2 अक्टूबर 2026 को विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इन ग्राम सभाओं में गांवों के विकास, स्वच्छता, पेयजल, सरकारी योजनाओं, सामाजिक पेंशन और अन्य जनकल्याणकारी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। बैठक के दौरान वर्ष 2026-27 के लिए ग्राम पंचायतों की कार्य योजना तैयार करने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।
जिला परिषद के सीईओ डॉ. सुभाष चंद्र ने बताया कि विशेष ग्राम सभाओं को सुचारू, प्रभावी और पारदर्शी तरीके से आयोजित करने के लिए विभाग की ओर से व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है। मुख्यालय स्तर पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक के बाद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
2026-27 की ग्राम पंचायत विकास योजना पर होगी चर्चा
विशेष ग्राम सभा में वर्ष 2026-27 के लिए ग्राम पंचायत की विस्तृत कार्य योजना तैयार की जाएगी। गांव की स्थानीय जरूरतों और विकास की प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न कार्यों पर चर्चा होगी तथा ग्राम सभा के माध्यम से प्रस्ताव पारित किए जाएंगे।
इसके साथ ही सेवा संकल्प अभियान के तहत गांव में किए गए जनकल्याण और सेवा कार्यों की जानकारी ग्रामीणों को दी जाएगी। इन कार्यों की उपलब्धियों पर ग्रामीणों के साथ चर्चा भी की जाएगी।
स्वच्छता और कचरा प्रबंधन पर रहेगा फोकस
स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत गांवों में स्वच्छता की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। बैठक में पंच, सरपंच, सफाई मित्र, स्वयं सहायता समूह, युवा क्लब, आशा कार्यकर्ता और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं सहित प्रमुख हितधारक शामिल होंगे।
गांव को कचरा-मुक्त बनाने की योजना, ठोस कचरा प्रबंधन और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के उपायों पर भी चर्चा की जाएगी।
विकसित ग्राम पंचायत योजना के तहत तैयार होगी योजना
विकसित ग्राम पंचायत योजना के तहत गांव की स्थानीय आवश्यकताओं और समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए विकास योजना तैयार की जाएगी। इसके लिए ग्राम सभा में चर्चा के बाद प्रस्ताव पारित कराया जाएगा।
बाल विवाह मुक्त गांव का होगा सत्यापन
महिला एवं बाल विकास विभाग के समन्वय से गांव को बाल विवाह मुक्त बनाने से संबंधित स्थिति का सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित कर प्रमाण-पत्र जारी करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
हर घर जल और जल संरक्षण की होगी समीक्षा
जल अर्पण अभियान के तहत हर घर जल व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति और जल संरक्षण से जुड़े उपायों की समीक्षा की जाएगी। ग्राम सभा में संबंधित विभाग की ओर से रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी और ग्रामीणों से आवश्यक सुझाव लिए जाएंगे।
परिवार पहचान पत्र के डेटा का होगा सत्यापन
परिवार पहचान पत्र (PPP) से जुड़े आंकड़ों का भी सत्यापन किया जाएगा। संबंधित विभागों के समन्वय से परिवारों की जानकारी, आय तथा सरकारी योजनाओं से वंचित पात्र लाभार्थियों की पहचान और सत्यापन पर चर्चा होगी।
सरकारी योजनाओं और सुधारों की दी जाएगी जानकारी
रिफॉर्म उत्सव के तहत सात प्रमुख विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतिगत सुधारों की जानकारी ग्रामीणों को दी जाएगी। इस दौरान ग्रामीणों से योजनाओं के संबंध में सुझाव भी लिए जाएंगे।
बजट भाषण 2026-27 के छह प्रमुख मुद्दों पर चर्चा
विशेष ग्राम सभा में बजट भाषण 2026-27 के लिए मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्तावित छह प्रमुख बिंदुओं पर अनिवार्य रूप से चर्चा की जाएगी। इनमें:
- गांव में पेयजल की स्थिति
- गंदे पानी की निकासी और प्रबंधन
- अमृत सरोवर और जलभराव की समस्या
- गांव में नशे की स्थिति
- सामाजिक पेंशन लाभार्थियों का सत्यापन
- स्वच्छता, ठोस कचरा प्रबंधन, सरकारी भवनों का रखरखाव और ई-ग्राम स्वराज पोर्टल से जुड़े कार्य
शामिल हैं।
अधिकारियों और ग्राम पंचायत संरक्षकों की रहेगी मौजूदगी
हरियाणा सरकार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि 2 अक्टूबर की विशेष ग्राम सभाओं में ग्राम पंचायत संरक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा चयनित लाभार्थियों का रैंडम सत्यापन भी किया जाएगा।
महिला एवं बाल विकास, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, क्रीड़, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों की भागीदारी भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस अवसर पर जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र कुमार और डिप्टी सीईओ कीर्ति सिरोहीवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
हिसार की ताजा खबरों और हरियाणा की लेटेस्ट न्यूज के लिए जुड़े रहें।












