HDFC Bank Cyber Fraud Case Update in Fatehabad Haryana
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
Haryana News, Fatehabad : थाना साइबर क्राइम फतेहाबाद पुलिस ने बैंक खाते से 5 लाख 80 हजार रुपये की साइबर ठगी ( Cyber Fraud ) के मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए दो आरोपियों को काबू किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की गई पूरी 5 लाख 80 हजार रुपये की राशि बरामद कर शिकायतकर्ता को राहत दिलाई। नियमानुसार कार्रवाई उपरांत दोनों आरोपियों को पुलिस जमानत पर रिहा किया गया।
साइबर क्राइम थाना फतेहाबाद प्रभारी निरीक्षक राहुल देव ने बताया कि शिकायतकर्ता की पहचान वार्ड नंबर-17, लाली रोड, रतिया निवासी गुरप्रीत सिंह पुत्र गुरनामदास के रूप में हुई। शिकायतकर्ता ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उसके HDFC Bank खाते से लिंक पुराना मोबाइल नंबर बंद होने के बाद किसी अज्ञात व्यक्ति ने उक्त नंबर को अपने नाम पर पुनः सक्रिय करवा लिया। इसके बाद आरोपी ने बैंक खाते का एटीएम कार्ड री-इश्यू करवाकर प्राप्त किया तथा 04 जून से 09 जून, 2026 के बीच उसके खाते से 5 लाख 80 हजार रुपये की धोखाधड़ी कर ली।
शिकायत के आधार पर अभियोग संख्या 42 दिनांक 06.07.2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत थाना साइबर क्राइम फतेहाबाद में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की पहचान गांव खेड़ी गगन, हांसी निवासी सचिन पुत्र कुलदीप तथा गांव पुठी मंगल खां, हांसी निवासी विनोद पुत्र मोहन लाल के रूप में करते हुए दोनों आरोपियों को काबू कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों के कब्जे से ठगी की गई पूरी 5 लाख 80 हजार रुपये की नकदी बरामद कर ली गई।
बरामदगी के बाद शिकायतकर्ता गुरप्रीत सिंह ने फतेहाबाद पुलिस का तहदिल से धन्यवाद करते हुए कहा कि पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई कर न केवल साइबर ठगी का खुलासा किया, बल्कि उसकी पूरी राशि भी बरामद कर उसे राहत पहुंचाई। शिकायतकर्ता ने थाना साइबर क्राइम फतेहाबाद की पूरी टीम का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की।











